Baramati News In Hindi: महाराष्ट्र के बारामती में एक पत्नी पर अपने ही पति को जिंदा दफन करने की कोशिश करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि महिला ने अपेन घर के अंदर ईंट और सीमेंट से एक चेंबर बनवाया और अपने पति को घायल कर उसमें दफनाकर हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की तैयारी कर ली थी.
जानकारी के अनुसार जो मजदूर चैंबर बनवाने के लिए आए थे उन मजदूरों को महिला पर शक हुआ तो मजदूरों ने पुलिस में इसकी शिकायत की जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घर की तलाशी ली, फिर पुरा मामला सामने आया.
पहले नशीली दवा दी, फिर क्रिकेट बैट से किया हमला
पुलिस के अनुसार, यह मामला बारामती शहर के जामदार रोड स्थित इंद्रप्रस्थ सोसायटी के एक फ्लैट की है. पुलिस ने बताया कि निजी कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत 41 वर्षीय प्रवीण प्रकाश जगताप पर उनकी पत्नी शर्मिला जगताप ने कथित तौर पर हमला किया. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद के बाद शर्मिला ने पहले पति को नशीली दवा देकर बेहोश किया. इसके बाद क्रिकेट बैट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया.
पति को ठिकाने लगाने के इरादे से उसने घर के गैलरी में एक चेंबर बनवाया. इस चेंबर को ईंट और सीमेंट से तैयार कराया जा रहा था. आरोप है कि प्रवीण को इसी अधबने चेंबर के अंदर डालकर ऊपर से कडप्पा पत्थर की स्लैब लगाकर बंद करने की तैयारी थी. अगर समय रहते मजदूरों को जानकारी नहीं मिलती प्रवीण प्रकाश जगताप की जान जा सकती थी .
चैंबर बनाते समय मजदूरों को हुआ शक
जानकारी है कि चैंबर बनाते समय मजदूरों को शक हुआ कि आखिर घर के अंदर इस तरह का बंद चेंबर क्यों बनाया जा रहा है. इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर फोन कर मामले की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने आरोपी पत्नी शर्मिला प्रवीण जगताप को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने प्रवीण को सुरक्षित बाहर निकाला और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना के पीछे सिर्फ पारिवारिक विवाद था या कोई अन्य वजह भी थी.
















