Punjabi News

Mandi: एक्सीडैंट हुआ तो खुला राज, गाड़ी से 57.79 ग्राम चिट्टा और अफीम बरामद; युवक-युवती गिरफ्तार

11

मंडी : मंडी जिला के थाना बल्ह के तहत पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए नशे के 2 सौदागरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 57.79 ग्राम चिट्टा और 3.81 ग्राम अफीम बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों में एक युवक और एक युवती शामिल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला बीती शाम को सामने आया है। थाना बल्ह के अंतर्गत एक सड़क दुर्घटना हुई, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों को वाहन चालक और उसके साथ बैठी युवती के हाव-भाव देखकर उनके नशे की हालत में होने का अंदेशा हुआ। इसके साथ ही ग्रामीणों को वाहन में कोई संदिग्ध नशीला पदार्थ होने का शक भी हुआ, जिसकी सूचना तुरंत बल्ह थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही थाना बल्ह पुलिस की टीम बिना वक्त गंवाए तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने नियमानुसार जब वाहन की गहनता से तलाशी ली, तो टीम के होश उड़ गए। गाड़ी के भीतर से 57.79 ग्राम चिट्टा, 3.81 ग्राम अफीम और नशे के सेवन में इस्तेमाल होने वाली अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थों और सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया।

इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गाड़ी चालक यशपाल निवासी तहसील बल्ह, जिला मंडी और शबनम धर्मपुर जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि थाना बल्ह में एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।