Punjabi News

दिल्ली के एक स्कूल में छात्रा की अचानक मौत; परिजनों का प्राथमिक उपचार में देरी का आरोप

8

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज 2 स्थित ‘लवली हेरिटेज स्कूल’ में तीसरी कक्षा की 9 वर्षीय छात्रा की क्लासरूम के अंदर अचानक गिर जाने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बच्ची को दिल का दौरा पड़ा था। छात्रा अपनी क्लास टीचर के सामने खड़ी थी, तभी वह अचानक गिर पड़ी। स्कूल के CCTV कैमरों में कैद हुई इस घटना ने संस्थान की आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस को सुबह करीब 9:52 बजे PCR कॉल मिली, जिसके बाद उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, स्कूल प्रशासन बच्ची को तुरंत निर्माण विहार के एक निजी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रॉट डेड’ (अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत) घोषित कर दिया।

शुरुआती जांच में डॉक्टर्स ने कार्डिएक अरेस्ट से मौत होने की आशंका जताई है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।

बच्ची के परिवार का आरोप है कि उसे समय रहते प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) या CPR नहीं दिया गया। वहीं, स्कूल प्रशासन का कहना है कि बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, बाद में उसे निर्माण विहार के मलिक हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर्स ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया।

बच्ची के परिवार ने कहा- तुरंत CPR क्यों नहीं दिया

लड़की के परिवार ने आरोप लगाया कि अच्छी-खासी फीस देने के बावजूद, स्कूल के पास इस तरह की इमरजेंसी से निपटने के लिए सही मेडिकल इंतजाम नहीं थे। उन्होंने यह भी पूछा कि बच्ची के गिरने के तुरंत बाद उसे CPR क्यों नहीं दिया गया।

परिवार के सवाल पर प्रिंसिपल ने कहा कि स्टाफ को शुरू में लगा कि बच्ची के बेहोश होने का कारण चेहरे पर लगी चोट हो सकती है। वे उसकी हालत का कोई और कारण नहीं सोच सके। इसलिए उसे तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया।