- 68,000 से अधिक सरकारी नौकरियां देकर पैसे, सिफारिश और राजनीतिक रसूख के दौर का किया अंत
चंडीगढ़, 5 अगस्त: पंजाब के जल संसाधन मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्य की भर्ती व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव लाते हुए बिना किसी पैसे, सिफारिश या राजनीतिक रसूख के केवल मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां सुनिश्चित करने की नई परंपरा शुरू की है।
पंजाब विधानसभा में युवाओं को रोज़गार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों संबंधी विधायक स. कुलदीप सिंह धालीवाल द्वारा लाए गए प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए श्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया ने पंजाब के युवाओं और उनके परिवारों का सरकारी व्यवस्था में विश्वास बहाल किया है।
उन्होंने कहा, “वर्ष 2022 में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से पहले सरकारी नौकरी प्राप्त करना राजनीतिक रसूख, निजी सिफारिश और पैसे पर निर्भर प्रक्रिया माना जाता था। आवेदकों के परिवारों को रसूखदार व्यक्तियों की मदद लेने या पैसे का प्रबंध करने के लिए मजबूर होना पड़ता था जबकि हकदार और योग्य उम्मीदवारों को अपना भविष्य अंधकारमय नज़र आता था।”
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल के दौरान हकदार और योग्य युवाओं को अक्सर उनके जायज़ अधिकारों से वंचित रखा जाता था जिससे उनमें से कई निराश होकर हिम्मत हार जाते थे लेकिन मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बना दिया है। अब बिना पैसे दिए या राजनीतिक सिफारिश के सरकारी नौकरियां प्राप्त की जा सकती हैं।
श्री गोयल ने कहा कि पिछली सरकारों की त्रुटिपूर्ण कार्यप्रणाली ने अनेक युवाओं को निराशा के दौर में धकेल दिया था। विपक्ष अब कह रहा है कि पंजाब के युवा विदेश जाने के लिए मजबूर हैं लेकिन सच्चाई यह है कि मान सरकार ने उन्हें रोज़गार के अवसर उपलब्ध करवाए हैं और उन्हें पंजाब में ही अपना भविष्य बनाने के लिए प्रोत्साहित किया है।
उन्होंने आगे कहा, “हम युवाओं में विदेश जाने के बढ़ते रुझान पर काफी हद तक अंकुश लगाने में सफल रहे हैं और उन्हें शिक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की ओर लौटने के लिए प्रेरित किया गया है।”
श्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि पद संभालने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ने स्पष्ट कर दिया था कि रसूखदार या आर्थिक रूप से मजबूत उम्मीदवारों को लाभ पहुंचाने के लिए योग्य और सक्षम युवाओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ नहीं किया जाएगा। अपने पहले वर्ष के दौरान ही मान सरकार ने 20,000 नौकरियां दीं और इसके बाद एक पारदर्शी तथा मेरिट आधारित भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 68,000 से अधिक युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर पैदा किए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा, “68,000 से अधिक सरकारी नौकरियां देकर मान सरकार ने ना केवल रोज़गार दिया है बल्कि उस पीढ़ी का विश्वास भी बहाल किया है जिसने यह मानना शुरू कर दिया था कि पैसे या सिफारिश के बिना सरकारी नौकरियां मिल ही नहीं सकतीं।”
उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती नीति ने विद्यार्थियों को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रोत्साहित किया है। मेरिट में बहाल हुए इस विश्वास के कारण विद्यार्थियों में सरकारी स्कूलों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का रुझान भी बढ़ा है।
सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए श्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि पंजाब के सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण की है जो राज्य की सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों और अभिभावकों के बढ़ते विश्वास का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार की रोज़गार पहलों ने अनेक युवाओं को बेहतर रोज़गार के लिए विदेश जाने के बजाय पंजाब में ही अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया है।
अपने विधानसभा क्षेत्र के गांव हमीरगढ़ का उदाहरण देते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि विदेश जाने के लिए वीज़ा संबंधी प्रक्रिया पूरी करने और हवाई टिकट खरीदने वाली एक लड़की ने पटवारी के रूप में चयनित होने के बाद विदेश जाने का इरादा छोड़ दिया और अब वह पंजाब में अपनी सेवाएं निभा रही है।
उन्होंने कहा कि जिन युवाओं को अभी तक रोज़गार नहीं मिला है उन्होंने भी उम्मीद नहीं छोड़ी है और ना ही वे निराशा में डूबे हैं। इसके बजाय वे दृढ़ संकल्प और पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग ले रहे हैं तथा आशान्वित हैं कि ईमानदारी से की गई मेहनत और मेरिट ही उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि जहां भर्ती संबंधी विवादों और पेपर लीक की घटनाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर विद्यार्थियों के विश्वास को गहरी ठेस पहुंचाई है वहीं पंजाब सरकार ने एक पारदर्शी और जवाबदेह भर्ती ढांचा स्थापित किया है जो योग्य उम्मीदवारों के हितों की रक्षा करते हुए सभी के लिए समान अवसर सुनिश्चित करता है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पक्षपात, आर्थिक और राजनीतिक रसूख की पुरानी संस्कृति को समाप्त करके मान सरकार ने भर्ती व्यवस्था में राज्य के युवाओं और उनके अभिभावकों का विश्वास बहाल किया है। आज लोगों को विश्वास है कि आम आदमी पार्टी की सरकार में ईमानदारी और केवल मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां प्राप्त की जा सकती हैं।














