Punjabi News

दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिरी, दो की मौत, 15 लोगों के फंसे होने की आशंका

8

पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढह गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि मलबे के नीचे कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है। यह घटना सुबह करीब 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास ‘गली सितारा’ में हुई। फिलहाल राहत-बचाव कार्य जारी है। उधर, घटना की जानकारी लगने पर मंत्री आशीष सूद और सीएम रेखा गुप्ता भी मौके पर पहुंची हैं।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य लोग घायल हुए हैं।

15 लोगों के फंसे होने की आशंका

जानकारी के अनुसार, कम से कम छह दमकल गाड़ियां, जिनमें पानी के टैंकर और बचाव वाहन शामिल हैं, मौके पर भेजी गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

डीएफएस (DFS) के एक अधिकारी ने कहा, “कम से कम 15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। कई लोग घायल हुए हैं। हमें सुबह 9:50 बजे सूचना मिली थी। बचाव अभियान में एनडीएमसी (NDMC), दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस (DFS) और एमसीडी (MCD) की टीमें शामिल हैं।”

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “यह घटना करीब 9:00 या 9:30 बजे हुई। हम सो रहे थे, तभी हमें कुछ गिरने की ज़ोरदार आवाज़ सुनाई दी। हम सब उठे और तुरंत बाहर भागे। हमें लगा कि हमारा अपना घर ही गिर रहा है। जब हमने देखा, तो पता चला कि बगल में बन रहा घर गिर गया है। वहां तीन-चार लिंटेल (छत के हिस्से) डाले जा चुके थे, जो एक साथ गिर गए। घायल मज़दूरों में से एक ने बताया कि वहां तीन-चार लोग मौजूद थे। हमने एक शव को बाहर निकाले जाते देखा।

बिल्डिंग में चल रहा था निर्माण

जानकारी के अनुसार, तीन मंजिला इमारत में पिछले 3-4 माह से निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण के चलते गुरुवार सुबह अचानक हादसा हो गया।