Major action by US Army: अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने शुक्रवार को पूर्वी प्रशांत महासागर में कथित तौर पर मादक पदार्थ की तस्करी में शामिल एक नौका पर फिर हमला किया जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। इस सप्ताह यह तीसरा ऐसा हमला है और इसके साथ ही इन हमलों में मरने वालों की कुल संख्या 200 से अधिक हो गई है।
अमेरिकी दक्षिणी कमान ने इस ताजा हमले की घोषणा करते हुए कहा कि यह कार्रवाई कई महीनों से चल रहे उस अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत कैरेबियाई सागर और पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में मादक पदार्थ की तस्करी करने वाली कथित नौकाओं को निशाना बनाया जा रहा है। उसने कहा कि यह नौका मादक पदार्थ की तस्करी में शामिल थी और इसे एक नामित आतंकवादी संगठन संचालित कर रहा था।
हालांकि इसके समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया गया। सेना की सोशल मीडिया घोषणाओं में आमतौर पर हमलों के वीडियो शामिल होते हैं, लेकिन यह पहली बार प्रतीत होता है जब जारी किया गया वीडियो श्वेत-श्याम के बजाय रंगीन है। वीडियो में समुद्र में तैरती एक छोटी नौका दिखाई देती है, जिसे निशाना बनाए जाने के बाद भीषण आग लग जाती है।
इसके बाद के दृश्य में नौका जलती हुई नजर आती है और उसके आसपास पानी में बड़ी मात्रा में पैकेट या अन्य वस्तुएं बिखरी दिखाई देती हैं। इस हमले के बाद सितंबर की शुरुआत से जारी अमेरिकी हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 202 हो गई है।
इससे पहले मंगलवार और बुधवार को भी दो हमलों की घोषणा की गई थी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने यह घोषणा की है कि अमेरिका लातिन अमेरिकी मादक पदार्थ गिरोहों के साथ सशस्त्र संघर्ष की स्थिति में है। प्रशासन का कहना है कि यही गिरोह अमेरिकी समुदायों में मादक पदार्थों की आपूर्ति के लिए जिम्मेदार हैं।



















