अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने एक और भारतीय नागरिक अमृतपाल सिंह को अपनी मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल किया है। FBI के मुताबिक, 30 साल के अमृतपाल सिंह पर अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है। जांच एजेंसी ने दावा है किया है कि अमृतपाल सिंह रविंदर ढांडा ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप का सदस्य है।
अमृतपाल सिंह पर क्या आरोप हैं?
FBI के आरोपों के अनुसार, रविंदर ढांडा का ऑर्गनाइज़्ड क्राइम ग्रुप कनाडा के वैंकूवर से काम करता है। यह ग्रुप अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में एक्टिव ड्रग्स तस्करी करने वाले नेटवर्क्स को भारी मात्रा में कोकीन और मेथामफेटामाइन सप्लाई करता है। एजेंसी का कहना है कि यह नेटवर्क सीमा पार ड्रग्स तस्करी की गतिविधियों में शामिल रहा है।
अमृतपाल सिंह पर कोकीन और मेथामफेटामाइन की तस्करी की साजिश में शामिल होने का आरोप है।
अमृतपाल सिंह के खिलाफ जून में वारंट जारी किया गया था
गौरतलब है कि लॉस एंजिल्स की एक फेडरल कोर्ट ने 23 जून, 2026 को उसके खिलाफ गिरफ्तारी का फेडरल अरेस्ट वारंट जारी किया था। FBI के मुताबिक, उसकी जन्मतिथि 7 जनवरी, 1996 है और वह भारतीय नागरिक है। एजेंसी ने उसकी पहचान के लिए 2024 की एक फोटो भी जारी की है।
FBI ने लोगों से अमृतपाल सिंह के बारे में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है। मामले की जांच फिलहाल FBI का लॉस एंजिल्स फील्ड ऑफिस कर रहा है।
















