Punjabi News

पंजाब सरकार ने राज्य के किसानों को नहरी पानी उपलब्ध कराकर भूजल संरक्षण की दिशा में उठाए ऐतिहासिक कदम : बरिंदर कुमार गोयल

4
  •  कैबिनेट मंत्री ने फतेहगढ़ साहिब विधानसभा क्षेत्र में 30.71 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नहरी परियोजना का किया उद्घाटन

• 3.75 करोड़ रुपये की लागत से भूमिगत पाइपलाइन बिछाने का कार्य जल्द होगा पूरा, 2332 एकड़ क्षेत्र को मिलेगा लाभ

• विधायक राय ने किसानों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए पंजाब सरकार का किया धन्यवाद

चंडीगढ़/फतेहगढ़ साहिब, 29 जुलाई: पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज फतेहगढ़ साहिब विधानसभा क्षेत्र के गांव सौंढा में पंजाब सरकार द्वारा नहरी सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कराए गए महत्वपूर्ण विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के किसानों को अधिक से अधिक नहरी पानी उपलब्ध कराकर भूजल संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठा रही है।

कैबिनेट मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि फतेहगढ़ साहिब विधानसभा क्षेत्र में सैदपुरा माइनर, राजिंदरगढ़ माइनर तथा 1-एल रजबाहा को कुल 33.68 किलोमीटर तक पक्का करने तथा 23.05 किलोमीटर भूमिगत पाइपलाइन बिछाने सहित विभिन्न परियोजनाओं पर 30.71 करोड़ रुपये की लागत आई है।

उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा गांव सानीपुर, बाड़ा, छलेड़ी कलां, सैफलपुर, मोहम्मदीपुर, आदमपुर, बीबीपुर और सराना के किसानों को नहरी पानी उपलब्ध कराने के लिए 3.75 करोड़ रुपये की लागत से भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इस परियोजना के पूरा होने पर 2332 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा।
बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय राज्य में केवल 26 प्रतिशत नहरी पानी ही खेतों तक पहुंचता था, जबकि आम आदमी पार्टी सरकार ने 7,500 करोड़ रुपये खर्च कर इस व्यवस्था को सुदृढ़ किया है और अब 86 प्रतिशत पानी राज्य के गांवों तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य राज्य के प्रत्येक खेत तक नहरी पानी पहुंचाना है और इस दिशा में बड़े पैमाने पर कार्य जारी है। बहुत जल्द हर गांव तक नहरी पानी पहुंचाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नहरी नेटवर्क को मजबूत करने से किसानों की सिंचाई लागत कम होगी तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए भूजल का संरक्षण भी सुनिश्चित होगा।

इस अवसर पर फतेहगढ़ साहिब के विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय ने मुख्यमंत्री स.भगवंत सिंह मान और जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में नहरी सिंचाई को मजबूत करने के लिए कराए गए ये विकास कार्य किसानों के लिए वरदान सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों की लंबे समय से चली आ रही नहरी पानी की मांग को पंजाब सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया है।