बिलासपुर: बिलासपुर जिले के दयोली स्थित ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम में बुधवार को एक अनूठा विवाह समारोह संपन्न हुआ, जहां उम्र के अंतिम पड़ाव पर दो बुजुर्गों ने वैवाहिक बंधन में बंधकर जीवन की नई शुरुआत की। आश्रम में रह रहे मंडी जिले के 75 वर्षीय कन्हैया लाल और मूल रूप से कोलकाता की रहने वालीं 63 वर्षीय सबीना ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ एक-दूसरे का हाथ थामा। पहले आश्रम प्रबंधन की ओर से दोनों की कोर्ट मैरिज करवाने की योजना थी, लेकिन बाद में सर्वसम्मति से पूरे हिंदू रीति-रिवाज और रस्मों के साथ यह विवाह करवाने का निर्णय लिया गया।
भाइयों के नाम की थी संपत्ति, देखभाल न होने पर पहुंचे थे वृद्धाश्रम
दूल्हा बने 75 वर्षीय कन्हैया लाल मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के निवासी हैं। वह लोक निर्माण विभाग में नियमित कर्मचारी के तौर पर सेवाएं दे चुके हैं और वर्ष 2000 में सेवानिवृत्त हुए थे। कन्हैया लाल की पत्नी और बच्चे नहीं हैं। उनके पास गांव में करीब दो से अढ़ाई बीघा जमीन और दो कमरों का मकान था, जिसे उन्होंने अपने भाइयों के नाम कर दिया था। कन्हैया लाल के अनुसार संपत्ति नाम करने के बाद भाइयों ने उनकी देखभाल नहीं की, जिसके चलते उन्हें बेसहारा होना पड़ा। वह पिछले करीब साढ़े तीन वर्षों से दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में रह रहे थे।
कोलकाता की सबीना से आश्रम में हुई मुलाकात, सहमति से लिया विवाह का निर्णय
वहीं, दुल्हन बनीं 63 वर्षीय सबीना मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कोलकाता की रहने वाली हैं। पारिवारिक व जीवन की विपरीत परिस्थितियों के चलते अपनों से बिछड़ने के बाद उन्हें भी दयोली वृद्धाश्रम में आश्रय मिला था। इसी आश्रम में रहते हुए कन्हैया लाल और सबीना की मुलाकात हुई। समय के साथ दोनों के बीच आपसी समझ और विश्वास बढ़ा, जिसके बाद दोनों ने जीवन का शेष सफर एक साथ बिताने का फैसला किया और आश्रम प्रबंधन ने उनकी इस इच्छा को साकार रूप दिया।
शादी के बाद नालागढ़ के नए आश्रम के लिए हुई विदाई
आश्रम में विवाह की रस्में मंगलवार शाम से ही शुरू हो गई थीं, जहां महिलाओं ने ढोलकी की थाप और मंगलगीतों के बीच दूल्हा-दुल्हन को हल्दी लगाई। बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे जयमाला की रस्म अदा की गई और इसके पश्चात विवाह की अन्य पारंपरिक विधियां पूरी हुईं। हालांकि इस समारोह में दोनों के परिवारों से कोई शामिल नहीं हुआ, लेकिन कन्हैया लाल के गांव जंजैहली से वे दो-तीन लोग विशेष रूप से पहुंचे थे, जिन्होंने शुरुआत में उन्हें रेस्क्यू कर वृद्धाश्रम पहुंचाया था। विवाह संपन्न होने के बाद बुधवार दोपहर बाद आश्रम से नवदंपति को विदा किया गया। दोनों अब सोलन जिले के नालागढ़ स्थित मानव सेवा ट्रस्ट के नए वृद्धाश्रम में एक साथ रहेंगे, जहां उनके रहने की विशेष व्यवस्था की गई है।
















