नई दिल्लीः केंद्र सरकार ने 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की समयसीमा तीन महीने बढ़ाकर 31 मार्च, 2027 कर दी है। पहले यह समयसीमा 31 दिसंबर, 2026 तक थी। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने बुधवार को एक अधिसूचना में कहा कि शुल्क दर कोटा (टीआरक्यू) के तहत 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की वैधता अवधि 31 दिसंबर, 2026 से बढ़ाकर 31 मार्च, 2027 कर दी गई है। इस कदम का उद्देश्य घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाना और कीमतों में वृद्धि पर अंकुश लगाना है।
डीजीएफटी ने अलग से जारी एक अधिसूचना में कहा कि आयातित कच्ची चीनी को सफेद/परिष्कृत चीनी में बदलने और घरेलू बाजार में उसकी बिक्री की समयसीमा भी बढ़ाकर 30 सितंबर, 2027 कर दी गई है। सरकार ने चीनी की घरेलू कीमतों में तेज वृद्धि को देखते हुए शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति दी थी। वर्ष 2026-27 के चीनी सत्र की शुरुआत में शुरुआती भंडार कम होने के कारण मिलों से बिक्री की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थीं।
देश में प्रमुख त्योहारों के दौरान आमतौर पर अगस्त से नवंबर के बीच चीनी की मांग बढ़ जाती है। कीमतों पर नियंत्रण के लिए सरकार ने उन थोक उपभोक्ताओं के लिए भंडार रखने की सीमा भी तय की थी, जो महीने में 10 टन से अधिक चीनी का इस्तेमाल करते हैं। उनके लिए चीनी का भंडार 15 दिन की खपत तक सीमित कर दिया गया था।














