Kathmandu: भारत के साथ हुए नए समझौतों से नेपाल के पर्यटन उद्योग को नई गति मिलने की उम्मीद है। नेपाल के पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि बेहतर रेल और हवाई संपर्क के साथ नए पर्यटन मार्ग विकसित होने से भारतीय पर्यटकों की संख्या दोगुनी हो सकती है। खासतौर पर अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा और भैरहवा के रास्ते दोनों दिशाओं में हवाई उड़ानें शुरू होने से धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ नेपाल के दूसरे पर्यटन स्थलों को भी लाभ मिल सकता है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा के दौरान हुए समझौतों का नेपाल के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े संगठनों ने स्वागत किया है। मंगलवार को होटल एसोसिएशन नेपाल के अध्यक्ष विनायक शाह, ट्रेकिंग एजेंसियों एसोसिएशन ऑफ नेपाल के अध्यक्ष सागर पांडे और नेपाल एसोसिएशन ऑफ टूर एंड ट्रैवल एजेंट्स के अध्यक्ष भारत जंग पांडे ने संयुक्त बयान जारी कर इन समझौतों को पर्यटन उद्योग के लिए महत्वपूर्ण बताया। पर्यटन कारोबारियों के अनुसार, दोनों प्रधानमंत्रियों और उनके प्रतिनिधिमंडलों के बीच हुई बातचीत तथा 10 सूत्रीय संयुक्त दृष्टिकोण दस्तावेज में लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने और आर्थिक विकास में पर्यटन की भूमिका बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा
पर्यटन संगठनों का मानना है कि प्रस्तावित अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा से धार्मिक पर्यटन को विशेष बढ़ावा मिल सकता है। इससे भारत के श्रद्धालुओं के लिए जनकपुर पहुंचना आसान होगा। हालांकि, कारोबारियों ने कहा कि पर्यटकों की यात्रा केवल जनकपुर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्हें काठमांडू, पोखरा, मुक्तिनाथ, चितवन और लुंबिनी जैसे पर्यटन स्थलों तक भी पहुंचाने की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके लिए नेपाल की केंद्र और प्रांतीय सरकारों से निजी पर्यटन क्षेत्र के साथ मिलकर विशेष यात्रा पैकेज तैयार करने की अपील की गई है। इसमें परिवहन, ठहरने की सुविधाओं और अलग-अलग पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले यात्रा मार्गों का विकास शामिल है। इससे रेल मार्ग से जनकपुर आने वाले पर्यटक नेपाल के दूसरे हिस्सों तक भी पहुंच सकेंगे और पर्यटन से होने वाली कमाई का लाभ अधिक क्षेत्रों को मिलेगा।
भैरहवा के रास्ते दोनों दिशाओं में उड़ानों पर जोर
पर्यटन संगठनों ने भारत और नेपाल की सरकारों से भैरहवा के रास्ते दोनों दिशाओं में उड़ान संचालन की अनुमति देने वाले समझौते को जल्द लागू करने की मांग भी की है। कारोबारियों के मुताबिक, इससे दोनों देशों के बीच हवाई यात्रा आसान होगी और भैरहवा तथा आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।प्रधानमंत्री की भारत यात्रा के दौरान नई दिल्ली में आयोजित नेपाल-भारत व्यापार गोलमेज बैठक में भी पर्यटन को प्रमुखता दी गई। इसमें दोनों देशों के कारोबारी प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। नेपाली पर्यटन उद्यमियों ने भारतीय कारोबारियों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर पर्यटन विकास, व्यापारिक संभावनाओं और आपसी सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की।
पर्यटन संगठनों ने दोनों देशों की सरकारों से समझौतों को जल्द लागू करने, सीमा पार आवागमन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और पर्यटकों के लिए यात्रा प्रक्रिया आसान करने की अपील की है। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रतिनिधिमंडल में होटल एसोसिएशन नेपाल, ट्रेकिंग एजेंसियों एसोसिएशन ऑफ नेपाल और नेपाल एसोसिएशन ऑफ टूर एंड ट्रैवल एजेंट्स के प्रतिनिधियों को शामिल किए जाने का भी स्वागत किया।














