Punjabi News

27 नवंबर को प्रदेशभर में होगा सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन

10

— आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों और सिविल डिफेंस की कार्यक्षमता को परखने के लिए होगा मॉक अभ्यास

चंडीगढ़:प्रदेश में सिविल डिफेंस की तैयारियों को परखने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता का आकलन करने के उद्देश्य से पंजाब सरकार द्वारा 27 नवंबर, 2026 को रात 8:00 बजे प्रदेशभर में सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।

ये मॉक ड्रिल भारत सरकार के गृह मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देशों के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित की जाएंगी।

यह अभ्यास एयर रेड चेतावनी संकेत के साथ शुरू होगा। इसके तहत दो मिनट तक उतार-चढ़ाव वाली आवाज में सायरन बजाया जाएगा। इस दौरान संबंधित डिप्टी कमिश्नर-कम-कंट्रोलर, सिविल डिफेंस द्वारा चिन्हित किए गए विशेष क्षेत्रों में मॉक ब्लैकआउट अभ्यास किया जाएगा। इन क्षेत्रों के निवासियों को निर्देश दिए गए हैं कि ब्लैकआउट के दौरान सभी गैर-जरूरी लाइटें बंद रखें। हालांकि, इस अवधि में आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रहेंगी।

मॉक ड्रिल का समापन ‘ऑल क्लियर’ संकेत के साथ होगा। इसके तहत दो मिनट तक लगातार तेज आवाज में सायरन बजाया जाएगा, जो अभ्यास की औपचारिक समाप्ति का संकेत होगा।
इस अभ्यास के दौरान विभिन्न विभागों के बीच जमीनी स्तर पर तालमेल और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता का आकलन करने के लिए कई महत्वपूर्ण गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इनमें आग बुझाने के अभियान, खोज एवं बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सा सहायता, घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना तथा यातायात एवं भीड़ नियंत्रण के उपाय शामिल होंगे।

आम जनता से अपील की गई है कि इस मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी प्रकार की घबराहट न करें। यह सिविल डिफेंस की तैयारियों, विभिन्न एजेंसियों के आपसी समन्वय और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने की क्षमता को परखने के लिए आयोजित किया जा रहा एक नियमित अभ्यास है।