बिजनेस डेस्कः राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 1,600 रुपए बढ़कर 1.62 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई। यह तेजी, मजबूत वैश्विक रुख, अमेरिका-ईरान के बीच शुरुआती समझौते की संभावना और घरेलू बाजार में शादी-ब्याह की मांग की उम्मीदों के कारण आई है। स्थानीय बाजार के जानकारों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,600 रुपए बढ़कर 1,62,900 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई। बुधवार को बाजार बंद होने के समय इसकी कीमत 1,61,300 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
चांदी की कीमत भी 5,000 रुपए मजबूत होकर 2,74,700 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। पिछले सत्र में चांदी की कीमत 2,69,700 रुपए प्रति किलोग्राम थी। ईद-उल-अजहा के अवसर पर बृहस्पतिवार को सर्राफा बाजार बंद रहे। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लि. में जिंस शोध प्रमुख हरीश वी ने कहा, ”सोने और चांदी की कीमतें थोड़ी बढ़ी है। इसका कारण अमेरिका-ईरान के बीच संघर्ष विराम से जुड़े घटनाक्रम और हाल में महंगाई के आंकड़ों के बाद अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर संबंधी परिदृश्य है।”
उन्होंने कहा कि घरेलू बाजार में शादी-ब्याह की मांग की उम्मीदों के चलते इन कीमती धातुओं की कीमतें मजबूत बनी रहीं। हरीश ने कहा, ”हमें निकट भविष्य में बिकवाली का कोई बड़ा दबाव नजर नहीं आता, क्योंकि बाजार के बुनियादी कारक कीमतों को लगातार सहारा दे रहे हैं। चांदी भी संभवतः सोने के रुख का ही अनुसरण करेगी, जिसे ‘सुरक्षित निवेश’ की मांग और औद्योगिक क्षेत्र की संभावनाओं, दोनों से ही मदद मिलेगी।”
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 4,530.72 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी 75.52 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर बनी रही। मिराए एसेट शेयरखान में जिंस मामलों के प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा, ”विदेशी बाजार में हाजिर सोना की कीमतों में लगभग एक प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। अमेरिका और ईरान के बीच एक शुरुआती समझौते की बातचीत से इस कीमती धातु पर नीचे जाने का दबाव कम हुआ है।” उन्होंने कहा, ”हालांकि, समझौते के बारे में पूरी जानकारी न होने के कारण इसकी कीमतें एक सीमित दायरे में ही रहेंगी।”



















