Punjabi News

सेना के अपाचे हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, पायलटों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

182

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शुक्रवार को एक बड़ी दुर्घटना होते-होते बच गई। भारतीय सेना का एक अपाचे लड़ाकू हेलीकॉप्टर अचानक तकनीकी खराबी आने के बाद खेतों में आपातकालीन (इमरजेंसी) लैंडिंग करने पर मजबूर हो गया। यह घटना सहारनपुर के चिलकाना थाना क्षेत्र के यमुना किनारे बसे जोधेबांस गांव में हुई।

हेलीकॉप्टर ने सरसावा एयरबेस से एक नियमित अभ्यास उड़ान (रूटीन फ्लाइट) भरी थी। उड़ान के दौरान उसमें तकनीकी खराबी आ गई। इस पर हेलीकॉप्टर में मौजूद दोनों पायलटों ने सूझबूझ और प्रोफेशनल फैसले से खेतों में सुरक्षित लैंडिंग की। इस इमरजेंसी लैंडिंग में न तो हेलीकॉप्टर को बड़ा नुकसान हुआ, और न ही कोई घायल हुआ। दोनों पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।जैसे ही हेलीकॉप्टर खेतों में उतरा, आसपास के ग्रामीण वहां जमा हो गए। कई लोग वीडियो और फोटो लेने लगे। लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर सेना और पुलिस ने लोगों को वहां से हटाया और भीड़ को नियंत्रित किया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात सागर जैन, सेना के अफसर और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सेना की तकनीकी टीम ने तुरंत हेलीकॉप्टर की जांच शुरू की और खराबी को सही किया। जांच पूरी होने के बाद हेलीकॉप्टर को सुरक्षित तरीके से फिर से उड़ाकर वापस सरसावा एयरबेस ले जाया गया।