Punjabi News

CM सुक्खू का बड़ा ऐलान, CBSE स्कूलों में 30 जून तक होगी अध्यापकों की नियुक्ति

7

फतेहपुर (अजय): हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने फतेहपुर दौरे के दौरान शिक्षा, राज्य की आर्थिक स्थिति और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के 151 स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न पर लाया गया है और इन सभी स्कूलों में आगामी 30 जून तक अध्यापकों की नियुक्तियां सुनिश्चित कर दी जाएंगी।

पिछली सरकार पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री सुक्खू ने पूर्व भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार को वर्तमान सरकार की तुलना में लगभग 60 हजार करोड़ रुपए अधिक प्राप्त हुए थे, इसके बावजूद प्रदेश की आर्थिक स्थिति कमजोर कर दी गई। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार ने केवल ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से हजारों करोड़ रुपए खर्च करके ऐसी इमारतें बनाईं, जो आज भी खाली पड़ी हैं। साथ ही, उन्होंने कहा कि आरडीजी बंद होने के कारण राज्य को भारी आर्थिक नुक्सान उठाना पड़ा है।

हिमकेयर योजना में अनियमितताओं की जांच
मुख्यमंत्री ने हिमकेयर योजना में गंभीर अनियमितताओं का खुलासा करते हुए कहा कि इसमें बड़े स्तर पर गड़बड़ियां सामने आई हैं, जिसमें गलत तरीके से ऑप्रेशन दर्ज किए गए हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

कई योजनाओं पर काम कर रही सरकार
राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है। इसके तहत प्राकृतिक हल्दी, दूध और मछली पालन को समर्थन मूल्य के तहत खरीदा जा रहा है। कांगड़ा जिले के ढगवार में 200 करोड़ रुपए की लागत से एक अत्याधुनिक मिल्क प्रोसैसिंग प्लांट बनाया जा रहा है, जो दुग्ध उत्पादकों के लिए बड़ा सहारा बनेगा।

 

 

अनाथ बच्चों, विधवाओं और एकल नारियों के लिए विशेष योजनाएं लागू
मुख्यमंत्री ने समाज के कमजोर वर्गों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि अनाथ बच्चों, विधवाओं और एकल नारियों के लिए विशेष योजनाएं लागू की गई हैं। इसके अलावा, गरीब परिवारों के उत्थान के लिए ‘अपना परिवार–सुखी परिवार योजना’ चलाई जा रही है, जिसके तहत पैंशन और मुफ्त बिजली जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।