महेंद्र धोनी ने IPL से संन्यास ले लिया है। एक अहम घटनाक्रम में, आईपीएल रिटेंशन की समय-सीमा से ठीक पहले, इस सुपरस्टार क्रिकेटर ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ खिलाड़ी के तौर पर अपने लंबे जुड़ाव को खत्म कर दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मंगलवार को महेंद्र सिंह धोनी को टीम का मेंटर बनाया।
धोनी 19 साल आईपीएल खेले। उन्होंने 278 मैच में 5,314 रन बनाए। उनकी कप्तानी में CSK ने 5 IPL और 2 चैंपियंस लीग खिताब जीते हैं।
45 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज, जिन्होंने अगस्त 2020 में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, अब आधिकारिक तौर पर चेन्नई फ्रेंचाइजी के लिए ‘टीम मेंटर’ के रूप में अपनी नई पारी की शुरुआत कर रहे हैं।
CSK के मालिक एन. श्रीनिवासन ने कहा, “MS धोनी के बिना CSK की कल्पना नहीं की जा सकती। लगभग दो दशकों तक, हमने जीत, हार और हर तरह के उतार-चढ़ाव के बीच एक-दूसरे के साथ सफर तय किया है और आगे बढ़े हैं। हमारा रिश्ता इतना मजबूत होने के पीछे एक ही कारण है: हम एक-दूसरे के इरादों पर कभी सवाल नहीं उठाते। इसी भरोसे ने इस सफर को मुमकिन बनाया है।”
उन्होंने आगे कहा, “2008 में, मैंने जोर देकर कहा था कि धोनी को CSK का हिस्सा होना चाहिए… और यह मेरा अब तक का सबसे बेहतरीन फैसला साबित हुआ। ऐसा इसलिए नहीं कि उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए बहुत कुछ हासिल किया है, बल्कि इसलिए कि वे एक बेहतरीन इंसान हैं। धोनी हमेशा हमारी पहचान का हिस्सा रहेंगे। यह हमेशा उनका घर रहेगा।”




















