Punjabi News

China Earthquake: चीन में आधी रात आया तेज भूकंप, 2 की मौत, 13 इमारतें ढह गईं

9

China Earthquake: साउथ चीन के गुआंग्शी इलाके में सोमवार देर रात आए तेज भूकंप ने लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.2 मापी गई। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि कई लोग नींद से जागकर तुरंत घरों से बाहर निकल आए। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस हादसे में कम से कम दो लोगों की जान चली गई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। एक व्यक्ति अभी भी लापता बताया जा रहा है जिसकी तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक भूकंप रात करीब 12:21 बजे लिउझोउ शहर के लिउनान इलाके में महसूस किया गया। इसका केंद्र ताइयांगचुन कस्बे के आसपास था। विशेषज्ञों के अनुसार भूकंप जमीन से केवल 8 किलोमीटर नीचे आया, इसलिए कंपन ज्यादा महसूस हुआ और कई इमारतों को नुकसान पहुंचा।

स्थानीय प्रशासन ने बताया कि भूकंप के बाद करीब 13 इमारतें क्षतिग्रस्त होकर गिर गईं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 7 हजार से ज्यादा लोगों को इलाके से निकालकर सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया गया। राहत और बचाव टीम लगातार प्रभावित इलाकों में काम कर रही हैं और मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार चार घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और सतर्क रहने की अपील की है क्योंकि आफ्टरशॉक आने की संभावना बनी हुई है।

भूकंप का असर केवल लिउझोउ तक सीमित नहीं रहा। गुआंग्शी के कई अन्य शहरों जैसे नाननिंग और गुइलिन में भी झटके महसूस किए गए। देर रात आए इस भूकंप के कारण लोग घबराकर सड़कों और खुले मैदानों में पहुंच गए।

रेलवे विभाग ने बताया कि एहतियात के तौर पर कई रेल मार्गों की जांच की जा रही है। इससे कुछ ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ सकता है और यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि राहत की बात यह रही कि बिजली, पानी, गैस और इंटरनेट जैसी जरूरी सेवाएं सामान्य रूप से चालू हैं।