Punjabi News

Shimla: नशा तस्करों की ₹1.38 करोड़ की लग्जरी गाड़ियां, ट्रक और iPhone सीज, खातों में मिला ₹1.50 करोड़ का लेन-देन

8

शिमला (योगराज): हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने के अभियान के तहत शिमला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस थाना रामपुर में दर्ज एनडीपीएस मामले की गहन वित्तीय जांच करते हुए पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित 1 करोड़ 38 लाख रुपए से अधिक मूल्य की चल संपत्तियों को फ्रीज और सीज कर दिया है। इस पूरे नैटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस अब तक कुल 38 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि वित्तीय जांच के दौरान आरोपियों के बैंक खातों में डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का भी पर्दाफाश हुआ है।

दंपति से बरामद 27 ग्राम चिट्टे से खुला 38 तस्करों का जाल
एएसपी शिमला सिटी मेहर पंवार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि इस अंतर्राज्यीय नैटवर्क की परतें मार्च 2025 में खुलनी शुरू हुई थीं। 3 मार्च 2025 को कुढीधार क्रशर के समीप गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध वाहन की तलाशी ली थी, जिसमें सवार करसोग निवासी सोहन लाल और उसकी पत्नी गीता श्रेष्ठ के कब्जे से करीब 27 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। इस संबंध में 4 मार्च को पुलिस थाना रामपुर में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की तह तक जाते हुए नशा तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले और कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए कुल 38 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया।

ट्रक, टिप्पर, लग्जरी गाड़ियां और 2 आईफोन जब्त
वर्ष 2026 में इस मामले की वित्तीय जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आरोपियों और उनके सहयोगियों के बैंक खातों, यूपीआई (UPI) लेन-देन, आयकर रिटर्न, राजस्व रिकॉर्ड और परिवहन विभाग के दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की। जांच में 6 आरोपियों और 6 सहयोगियों सहित कुल 12 लोगों के नाम पर 1 करोड़ 38 लाख रुपए से अधिक मूल्य की संपत्तियां चिन्हित की गईं। इनमें ट्रक, टिप्पर, कई लग्जरी व अन्य गाड़ियां तथा 2 एप्पल आईफोन शामिल हैं। वहीं, आरोपी संदीप शाह और उसके सहयोगियों के बैंक खातों में यूपीआई व अन्य माध्यमों से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन भी पाए गए। संबंधित व्यक्तियों द्वारा वैध आय का कोई पर्याप्त स्रोत प्रस्तुत न कर पाने की स्थिति में एनडीपीएस एक्ट की धारा 68ई और 68एफ(1) के तहत इन संपत्तियों को फ्रीज और सीज कर दिया गया। एएसपी ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक जिला शिमला में एनडीपीएस मामलों के आरोपियों और उनके सहयोगियों की 14 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं।

भराड़ी में 27 नवम्बर से होगी पुलिस कांस्टेबल भर्ती की ग्राऊंड परीक्षा
वहीं, एक अन्य महत्वपूर्ण जानकारी सांझा करते हुए एएसपी शिमला सिटी मेहर पंवार ने बताया कि जिला शिमला में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता एवं शारीरिक मानक परीक्षण आगामी 27 नवम्बर से 5 दिसम्बर तक पुलिस लाइन्स भराड़ी में आयोजित किए जाएंगे। इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 9,151 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे, जिनमें 6,444 पुरुष और 2,707 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि चरणबद्ध तरीके से होने वाली इस भर्ती को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए हैं। एएसपी ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने ई-कॉल लैटर में दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन करें और निर्धारित दिन आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर भर्ती स्थल पर पहुंचें।