Punjabi News

पश्चिम बंगाल के पूर्व डिप्टी स्पीकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, टीएमसी दफ्तर में फंदे से लटका मिला शव

18

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। रविवार सुबह बीरभूम जिले में टीएमसी दफ्तर में उनका शव फंदे से लटका मिला। आशीष बनर्जी रामपुरहाट के वार्ड नंबर 5 के हटलापारा इलाके में रहते थे। उनके घर के पास ही तृणमूल कांग्रेस पार्टी का दफ्तर था।

सुसाइड नोट भी मिला

पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त की सुबह दफ्तर से एक सुसाइड नोट भी मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आशीष बनर्जी टीएमसी के पूर्व विधायक भी थे।

आशीष बनर्जी के भाई प्रशांत बनर्जी ने मीडिया को बताया, “दरवाजे में एक छोटा सा छेद था और उससे एक रस्सी लटक रही थी। इससे कुछ शक हुआ। फिर परिवार के सभी सदस्यों को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। हम रोज़ मीटिंग करते थे। रात में भी कुछ असामान्य नहीं लगा। वह पूरे दिन ऑफिस में ही थे। कल स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराया गया था और सब कुछ सामान्य था।”

ममता बनर्जी की सरकार में मंत्री, रामपुरहाट से पांच बार के विधायक

70 साल के आशीष बनर्जी, ममता बनर्जी के करीबी सहयोगी थे और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे। वे रामपुरहाट विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने गए।

पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार बनने के बाद वे कई विभागों के मंत्री रहे। वे राज्य के स्कूल शिक्षा और कृषि मंत्री भी रह चुके थे। आशीष 2001, 2006, 2011, 2016 और 2021 में लगातार पांच बार रामपुरहाट सीट से विधायक चुने गए थे। पिछली ममता सरकार में वे विधानसभा के डिप्टी स्पीकर भी थे।

वहीं इस साल (2026) हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में, वे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार ध्रुव साहा से कड़े मुकाबले में हार गए।