मुंबई: बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ पर विमल इलायची का एड करना भारी पड़ गया है. महाराष्ट्र फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन मामले में शाहरुख़ खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। FDA का आरोप है कि ‘विमल इलायची’ का विज्ञापन असल में अप्रत्यक्ष रूप से ‘विमल पान मसाला’ को बढ़ावा देता है, जिस पर राज्य में प्रतिबंध है।
ये नोटिस इस हफ़्ते अभिनेताओं के पते पर भेजे गए। शाहरुख़ खान को उनके ‘मन्नत’ (बांद्रा) वाले पते पर, अजय देवगन को उनके जुहू स्थित घर पर और टाइगर श्रॉफ को उनकी प्रोडक्शन कंपनी ‘टाइगर श्रॉफ प्रोडक्शंस एलएलपी’ के पते पर नोटिस भेजे गए। महाराष्ट्र फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने इन सभी से उनकी भूमिका के बारे में स्पष्टीकरण मांगा है।
महाराष्ट्र फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के नोटिस के अनुसार, विज्ञापन में ‘विमल’ नाम, विज्ञापन की प्रस्तुति, प्रोडक्ट और डायलॉग इस तरह इस्तेमाल किए गए हैं कि इससे बाजार ‘विमल’ ब्रांड का प्रचार होता दिखता है।
जानकारी के अनुसार, चूंकि ‘विमल’ ब्रांड पान मसाला से भी जुड़ा है, इसलिए FDA को शक है कि विज्ञापन के जरिए प्रतिबंधित पान मसाले का इनडायरेक्ट प्रचार किया जा रहा है।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, FDA ने 11 अगस्त को तीनों को नोटिस भेजकर विज्ञापन में उनकी भूमिका पर 15 दिन में जवाब और स्पष्टीकरण मांगा है।


















