Delhi Bomb Threat: शुक्रवार को दिल्ली हाई कोर्ट, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और राजधानी की कई अन्य जगहों पर बम की धमकी मिली। “Blast Delhi High Court @2:11 PM” सब्जेक्ट वाले इस धमकी भरे ईमेल में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह से एक दिन पहले शहर की कई जगहों को बम से उड़ाने की योजना का ज़िक्र है।
धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया है कि दिल्ली को खालिस्तान बना दिया जाएगा। ईमेल के मुताबिक, शनिवार दोपहर 2:11 बजे दिल्ली हाई कोर्ट में बम धमाका होगा और उसके एक घंटे बाद ज़िला अदालतों में धमाके होंगे।
ईमेल में लिखा है- ‘Delhi Banayega Khalistan’ यानी’ दिल्ली बनेगा खालिस्तान’. इतना ही नहीं, दिल्ली मेट्रो और अंबाला जाने वाली ट्रेनों को भी निशाना बनाने की धमकी है.
इन सभी जगहों पर तलाशी ली जा रही है और सभी स्थानों पर दमकल की गाड़ियां भेज दी गई हैं. अब तक की शुरुआती जांच में इन जगहों पर कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है.
ई-मेल में यह भी आरोप लगाया गया कि दिल्ली हाई कोर्ट सिखों से जुड़े मामलों में, जिनमें 1984 के सिख-विरोधी दंगों से जुड़े मामले भी शामिल हैं, न्याय दिलाने में नाकाम रहा है। भेजने वाले ने इन आरोपों को ही हमलों की धमकी के पीछे की वजह बताया।
जिन जगहों पर बम की धमकी मिली
जामनगर हाउस, झंडेवालान बिल्डिंग, साकेत ऑफिस, डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट ऑफिस, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) टर्मिनल 3 और दिल्ली कैंट में सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) ऑफिस समेत छह और जगहों पर भी धमकियां मिली हैं।
राजधानी में सुरक्षा बढ़ाई गई
15 अगस्त को ध्यान में रखते हुए दिल्ली और एनसीआर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. अधिकारी 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले हालात पर कड़ी नज़र रख रहे हैं.

















