- कहा: महिलाओं को वादा किए गए 60,000 रुपये की बजाय केवल 6,000 रुपये ही मिलेंगे
- मांग: आप हर महिला को 54,000 रुपये की बकाया राशि अदा करे
चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा है कि पंजाब की महिलाओं के लिए आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा 1000 रुपये मासिक नकद सहायता देने की घोषणा बहुत कम और बहुत देर से की गई है। आज यहां जारी एक बयान में, उन्होंने कहा कि यह बहुत ही कम, बहुत ही नाकाफी और बहुत ही देरी से उठाया गया कदम है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आप सरकार ने पंजाब की महिलाओं के साथ धोखा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं से 1000 रुपये मासिक सहायता का वादा करके वोट लिए गए, लेकिन अब सरकार अपने कार्यकाल के अंतिम चरण में आकर इस योजना की घोषणा कर रही है।
उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं को पांच वर्षों में 60,000 रुपये मिलने चाहिए थे, अब उन्हें आप सरकार के बचे हुए छह महीनों के कार्यकाल के दौरान केवल 6,000 रुपये ही मिलेंगे। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि यह बेशर्मी भरी धोखाधड़ी है कि आपने 60,000 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन अब केवल 6,000 रुपये दे रहे हैं।
वड़िंग ने जोर देते हुए, कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रति महिला 54,000 रुपये की इस धोखाधड़ी के खिलाफ आप सरकार के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि यदि आप सरकार वास्तव में अपने वादे को लेकर गंभीर है, तो उसे राज्य की प्रत्येक महिला को 54,000 रुपये की बकाया राशि का भुगतान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों के बाद जब कांग्रेस की सरकार बनेगी, तो वह यह सुनिश्चित करेगी कि नकद सहायता सहित हर कल्याणकारी योजना का लाभ सरकार बनने के पहले दिन से ही दिया जाए।
इस संबंध में, वड़िंग ने कर्नाटक और तेलंगाना की कांग्रेस सरकारों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां सरकार बनने के पहले वर्ष से ही महिलाओं को नकद सहायता दी जा रही है और यह राशि हर महीने सीधे उनके बैंक खातों में जमा करवाई जाती है।











