
भारत के अर्णव पापरकर ने विंबलडन जूनियर्स 2026 में लड़कों के सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया है। पिछले 36 वर्षों में सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले वे भारत के पहले खिलाड़ी हैं।
18 वर्षीय पापरकर ने प्री-क्वार्टर फाइनल में जापान के रयो ताबाता को मात्र 52 मिनट में 6-2, 6-1 से हराया। इससे पहले, उन्होंने पहले दौर में ग्रेट ब्रिटेन के जोशुआ क्रेज़ को 6-2, 6-2 से हराया और अगले दौर में तीसरी वरीयता प्राप्त अमरीका के कीटन हैंस को 6-2, 6-3 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अभी तक एक भी सेट नहीं गंवाया है। पापरकर का अगला मुकाबला आज शाम 5 बजे क्वार्टर फाइनल में अमरीका के जॉर्डन ली से होगा।












