
Aamir Khan Third Wife Gauri : बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्टनिस्ट’ यानी आमिर खान एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। आमिर खान और गौरी स्प्रैट ने एक निजी समारोह में शादी रचा ली है। यह शादी किसी बड़े आलीशान होटल में नहीं बल्कि आमिर खान के घर पर ही बेहद सादगी से संपन्न हुई। दोनों ने ‘स्पेशल मैरिज एक्ट’ के तहत कानूनी तौर पर एक-दूसरे का हाथ थामा है। आमिर की तीसरी पत्नी बनीं गौरी स्प्रैट कोई फिल्मी चेहरा नहीं हैं बल्कि बिजनेस की दुनिया का एक जाना-माना नाम हैं। आइए जानते हैं कि कौन हैं गौरी स्प्रैट, उनका बैकग्राउंड क्या है और वह कितनी संपत्ति की मालकिन हैं।
बता दें कि 47 वर्षीय गौरी स्प्रैट मूल रूप से बेंगलुरु की रहने वाली हैं लेकिन उनका पारिवारिक इतिहास बेहद दिलचस्प और विविधताओं से भरा है। उनके पिता रॉबर्ट स्प्रैट तमिल-ब्रिटिश मूल के हैं जबकि उनकी मां रीता पंजाबी-आयरिश बैकग्राउंड से ताल्लुक रखती हैं। इतना ही नहीं गौरी के दादा ब्रिटिश मूल के एक लेखक और कम्युनिस्ट थे जो 1920 के दशक में भारत आ गए थे और उन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी।
इसके साथ ही बता दें कि गौरी ने अपना बचपन पहाड़ियों की खूबसूरत वादियों यानी ऊटी (Ooty) में बिताया। वहां उन्होंने 1990 से 1996 तक ‘ब्लू माउंटेन स्कूल’ से अपनी शुरुआती पढ़ाई पूरी की। स्कूल के बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए लंदन चली गईं। वहां उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ द आर्ट्स, लंदन से फैशन डिजाइनिंग और फोटोग्राफी का कोर्स किया।
गारमेंट से लेकर ग्रूमिंग इंडस्ट्री तक का सफर
लंदन से लौटने के बाद गौरी ने शुरुआत में गारमेंट डिजाइनिंग के क्षेत्र में काम किया और बेंगलुरु में फैब्रिक सोर्सिंग का बिजनेस संभाला। चूंकि उनकी मां रीता बेंगलुरु में एक ब्यूटी सेंटर चलाती थीं इसलिए धीरे-धीरे गौरी का रुझान भी ग्रूमिंग और ब्यूटी इंडस्ट्री की तरफ बढ़ने लगा।
साल 2007 में वह एक मशहूर सैलून ग्रुप (BBlunt) में को-ओनर और मैनेजर के तौर पर शामिल हुईं। आज वह अपनी सैलून चेन के कई आउटलेट्स को सफलतापूर्वक संभाल रही हैं। इसके साथ ही मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो वह ‘आमिर खान प्रोडक्शंस’ के क्रिएटिव प्रोजेक्ट्स में भी हाथ बंटा रही हैं।
जानें कितनी है गौरी स्प्रैट की नेट वर्थ?
बिजनेस रिपोर्ट्स और मीडिया कयासों के मुताबिक गौरी स्प्रैट एक बेहद कामयाब एंटरप्रेन्योर हैं और उनकी कुल संपत्ति (Net Worth) 24 करोड़ रुपये से 40 करोड़ रुपये के बीच आंकी जाती है। वहीं बेंगलुरु के आलीशान इलाके व्हाइटफील्ड के पवन पार्कवेस्ट में उनकी एक शानदार रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी है। इसके अलावा बेंगलुरु के मैग्राथ रोड पर गौरी और उनकी बहन शॉन का एक मशहूर हेयर स्टूडियो भी था, जिसे उन्होंने लगभग एक दशक पहले बेच दिया था।
यह है दूसरी शादी
आमिर खान की तरह गौरी स्प्रैट की भी यह दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी किससे हुई थी इसके बारे में कोई सार्वजनिक जानकारी उपलब्ध नहीं है। पहली शादी से उनका एक बेटा भी है। फिलहाल अब आमिर और गौरी अपनी जिंदगी के इस नए सफर की शुरुआत कर चुके हैं।




















