Punjabi News

उत्तर प्रदेश में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी बस पलटी, 3 लोगों की मौत, 45 लोग घायल

2

उत्तर प्रदेश के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर सोमवार सुबह भीषण हादसे की खबर सामने आई है। एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी एक बस के पलट जाने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 45 अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

यह हादसा लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में हुआ। सामने आई जानकारी के अनुसार, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर सवारियों से भरी एक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। यह बस राजस्थान के रेवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही थी। बस में करीब 50-60 यात्री सवार थे।

हादसे के बाद, पुलिस का एक बड़ा दल मौके पर पहुंचा। स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) और फायर डिपार्टमेंट की टीमों ने बचाव अभियान में हिस्सा लिया और यात्रियों को बाहर निकाला।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया और अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों के परिवारों से संपर्क करने और उन्हें हर संभव सहायता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने घायल यात्रियों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल पहुंच कर हादसे में घायल हुए मरीजों का हालचाल जाना है। उन्होंने सभी घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं। ब्रजेश पाठक ने जानकारी दी है कि ये हादसा एक्सप्रेसवे पर पहले टोल प्लाजा के पास सुबह 6 बजे से 6:30 बजे के बीच हुआ है। घायलों में से तीन को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया (दो को लोक बंधु अस्पताल में और एक को KGMU में)। 31 घायल यात्रियों को लोक बंधु अस्पताल में और 13 अन्य को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।