Punjabi News

पंजाब में पार्टी को फिर से सत्ता में लाने के लिए कांग्रेस नेताओं ने संकल्प लिया

331

केंद्र और राज्य की सरकारों ने पंजाब को निराश किया है: वड़िंग

किसानों को सालाना 6000 रुपये देने के भाजपा के दावों पर चुटकी ली

होशियारपुर: पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने आज यह संकल्प लिया है कि वे यकीनी बनाएंगे कि 2027 के विधानसभा चुनावों में पार्टी राज्य में सत्ता में वापसी करे। उन्होंने सर्वसम्मति से कहा कि पार्टी आलाकमान जिसे भी मुख्यमंत्री के रूप में पेश करेगा, वह सभी को स्वीकार्य होगा।

यहाँ एक पार्टी रैली को संबोधित करते हुए, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और अन्य नेताओं ने कहा कि पंजाब को आप, भाजपा और अकाली दल जैसी पार्टियों से बचाने के लिए राज्य में कांग्रेस की सरकार बनाना बेहद ज़रूरी है।

इस अवसर पर बोलते हुए, वड़िंग ने कहा कि आप सरकार ने सभी वादे तोड़कर लोगों के सपनों को चकनाचूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान जैसे आप नेताओं पर बदलाव लाने का भरोसा किया था, लेकिन उन्हें कुशासन और अराजकता ही मिली।

वड़िंग ने ज़ोर देते हुए कहा कि गैंगस्टरों द्वारा लगातार फिरौती मांगने की घटनाओं के कारण पंजाब में कोई भी निवेशक निवेश करने को तैयार नहीं है, जो लोग डरे और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में एक भी पैसा निवेश नहीं हो रहा है और नतीजतन, यहाँ कोई रोज़गार उपलब्ध नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब पर अब तक 4.5 लाख करोड़ रुपये का कर्ज़ चढ़ चुका है।

उन्होंने खुलासा किया कि पंजाब के व्यापारी और कारोबारी राज्य में निवेश करने को तैयार नहीं हैं और वे मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में निवेश कर रहे हैं। इसी श्रृंखला में, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री लुधियाना दौरे के दौरान 15,000 करोड़ रुपये का निवेश लेकर गए थे।

इस बीच, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने लोगों को 300 रुपये या किसानों को सालाना 6000 रुपये देने जैसी योजनाओं पर भारतीय जनता पार्टी के जनसंपर्क कार्यक्रम पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भत्ते की नहीं, बल्कि अपनी फसलों के लिए उचित एमएसपी की ज़रूरत है।

उन्होंने भाजपा नेताओं को चुनौती दी कि वे एक भी ऐसी परियोजना बताएँ, जो भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब को दी हो। उन्होंने आशंका जताई कि भाजपा सरकार फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य समाप्त कर देगी, जिससे पंजाब की कृषि-केंद्रित अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ सकता है।

इस अवसर पर वड़िंग ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को देश भर में भाजपा द्वारा शुरू की गई ‘वोट चोरी’ से सावधान रहने की भी चेतावनी दी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से मतदाता सूचियों की नियमित जाँच करने की अपील की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बिहार की तरह उनके वोट न काटे जाएँ, जहाँ भाजपा ने 60 लाख वोट काटे हैं।

इसी तरह, वड़िंग ने पंजाब की आप सरकार की ‘खाली सरकारी भूमि के सर्वोत्तम उपयोग’ के तहत खाली सरकारी ज़मीनों को बेचने की नीति का भी कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि ‘लैंड पूलिंग’ के ज़रिए लैंड लूट योजना’ को वापस लेने के लिए मजबूर होने के बाद, अब आम आदमी पार्टी की सरकार इस योजना से राज्य को हुए भारी वित्तीय नुकसान की भरपाई के लिए ‘पारिवार के गहने’ बेचने का एक अन्य विचार लेकर आई है।

जिस पर उन्होंने कहा कि इससे यही साबित होता है कि आप सरकार पंजाब के लिए आर्थिक और वित्तीय रूप से विनाशकारी साबित हुई है व इसने राज्य को दिवालियेपन की ओर धकेल दिया है। क्योंकि आप अपने परिवार के गहने तभी बेचते हैं, जब आप अपने सारे संसाधन खत्म करके पूरी तरह दिवालिया हो जाते हैं।

इस दौरान अन्य के अलावा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व विधायक बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा, कुलबीर सिंह जीरा, इंदु बाला और सरबजोत सिंह साबी भी मौजूद थे।