असम के गुवाहाटी में सोमवार रात एक होटल में शख्स ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। मरने वालों में एक ही परिवार के 4 लोग शामिल हैं। इनमें होटल मालिक की पत्नी और बेटा भी शामिल है। घटना बोरा सर्विस एरिया में स्थित बिलास इन होटल में हुई।
पुलिस ने बताया कि यह गोलीबारी होटल के मालिक और इसे लीज (किराए/पट्टे) पर लेने वाले व्यक्ति के बीच विवाद के कारण हुई, और हमला होटल लीज लेने वाले व्यक्ति ने ही किया था।
पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत ने बताया कि गोलीबारी होटल के लीज समझौते से जुड़े संपत्ति विवाद के कारण हुई। आरोपी घनकांत गोगोई ने पिछले साल इस होटल को लीज (किराए) पर लिया था। पिछले कुछ समय से उसका होटल मालिक के परिवार से लीज समझौते को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार की रात भी आरोपी का इनसे विवाद हुआ था।
पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत ने पत्रकारों को बताया, “छह लोगों को गोली लगी, जिनमें से पांच की मौत हो गई। एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है। घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार – .32 बोर की एक लाइसेंसी पिस्तौल – जब्त कर लिया गया है।
सोमवार रात करीब 9.10 बजे गोलीबारी हुई। बताया जा रहा है कि लीज एग्रीमेंट (पट्टे के समझौते) को लेकर गोगोई और होटल के मालिक के बीच बहस हो गई थी। यह विवाद कथित तौर पर कुछ समय से चल रहा था। इसी बीच उसने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से 6 लोगों को गोली मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया। शुरुआत में होटल से चार शव बरामद हुए, जिनमें से कुछ रिसेप्शन एरिया के पास मिले थे। बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से फायरिंग में इस्तेमाल .32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल भी जब्त कर ली गई है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, गोलीबारी की घटना होटल के लीज़ एग्रीमेंट (पट्टे के समझौते) को लेकर हुए विवाद से जुड़ी है। बताया जा रहा है कि गोगोई ने पिछले साल यह होटल लीज़ पर लिया था, और इस समझौते को लेकर उसके और होटल मालिक के परिवार के बीच तनाव पैदा हो गया था।
पुलिस ने बताया कि मारे गए पांच लोगों में से चार एक ही परिवार के सदस्य थे, जो होटल में काम करते थे। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों में हेलेना भराली, देबोरशी कश्यप और नारायण दास की पहचान हो गई है। बाकी मृतकों की पहचान की जा रही है।




















