Punjabi News

कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां ने किया सरहदी गांवों का दौरा

358

पशुपालकों को हरे चारे के साथ फ़ीड और पेयजल टैंकर उपलब्ध करवाने के निर्देश
फ़ाज़िल्का :पंजाब के कृषि मंत्री श्री गुरमीत सिंह खुडियां आज फ़ाज़िल्का ज़िले के बाढ़ प्रभावित सरहदी गांवों के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुपालकों को हरे चारे के साथ-साथ फ़ीड भी उपलब्ध करवा रही है। साथ ही ज़िला प्रशासन को पीने के पानी की आपूर्ति के लिए टैंकर भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस अवसर पर फ़ाज़िल्का के विधायक श्री नरिंदर पाल सिंह सवना भी उनके साथ मौजूद थे। मंत्री ने कावांवाली पत्तन, दोना नानका, तेजा रुहेला आदि गांवों का दौरा किया और ग्रामीणों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। श्री खुडियां स्वयं ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठकर दोना नानका गांव पहुँचे। उन्होंने बताया कि गांव के सभी मकान सुरक्षित हैं और गांव के भीतर पानी नहीं घुसा है। ग्रामीणों ने बताया कि हरा चारा लगातार पहुंच रहा है और राशन की व्यवस्था अभी उनके पास है।
गांववासियों ने जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और कहा कि मेडिकल टीम और पशुपालन विभाग की टीम समय-समय पर गांव पहुँच रही है। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पहले ही विशेष गिरदावरी (फसल व मकान नुकसान का सर्वेक्षण) करने के आदेश दिए जा चुके हैं। प्रशासन को निर्देश है कि यह कार्य शीघ्र पूरा किया जाए ताकि प्रभावित लोगों को सरकारी नीति अनुसार मुआवज़ा दिया जा सके।
श्री खुडियां ने स्पष्ट किया कि कृषि एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों को गांवों में लगातार मौजूद रहकर लोगों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए गए हैं। विधायक नरिंदर पाल सिंह सवना ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार वे स्वयं और पूरा जिला प्रशासन प्रभावित गांवों की लगातार मदद कर रहे हैं और ग्रामीणों की हर मांग पूरी की जा रही है।
इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर अमरप्रीत कौर संधू, एसडीएम वीरपाल कौर, कार्यकारी अभियंता (ड्रेनेज) आलोक चौधरी, मुख्य कृषि अधिकारी राजिंदर कंबोज, डिप्टी डायरेक्टर पशुपालन मंदीप सिंह, कार्यकारी अभियंता मंडी बोर्ड साहिल गगनेजा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।