
Newly Married Woman: राजधानी दिल्ली में 28 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान आकृति सुतार के रूप में हुई है, जिनका शव शनिवार रात लोधी कॉलोनी स्थित एक रिहायशी परिसर में मिला। घटना के बाद परिवार ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, आकृति शनिवार को छुट्टी पर थीं, लेकिन वह कुछ काम के सिलसिले में अपने दफ्तर गई थीं। वहां उन्होंने अपने सहकर्मियों के साथ एक छोटी-सी पार्टी भी की थी। परिवार का कहना है कि उनका व्यवहार पूरी तरह सामान्य था और कहीं से भी ऐसा नहीं लग रहा था कि वह किसी मानसिक तनाव में थीं।
इसके अलावा, आकृति ने शाम करीब 6 बजे अपनी मां से बात की थी और उस समय वह बिल्कुल सामान्य लग रही थीं। उन्होंने पार्टी के बारे में बात की और कहा कि वह घर लौट रही हैं। आकृति के चाचा मनंजय सुतार ने बताया कि दो घंटे बाद, रात करीब 8 बजे, परिवार को उनके पति का फ़ोन आया, जिन्होंने बताया कि वह लापता हो गई हैं। उन्होंने आगे कहा, “करीब 90 मिनट बाद, पुलिस ने उन्हें सूचना दी कि पालिका कुंज में एक महिला का शव मिला है।”
छतरपुर की एक प्राइवेट कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करने वाली आकृति का शव लोधी कॉलोनी की एक रिहायशी सोसाइटी में मिला, जो उनके पुष्प विहार स्थित घर से करीब 10 किलोमीटर दूर है। शनिवार रात करीब 9 बजे उनका शव ज़मीन पर पड़ा मिला। माना जा रहा है कि वह इमारत से गिर गई थीं।
आकृति के 24 वर्षीय भाई अमय सुतार ने दावा किया कि वह मानसिक रूप से मज़बूत थीं और कभी भी अपनी जान नहीं देतीं। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति अरास्तु सिक्का और उनके रिश्तेदार दहेज के लिए उन पर दबाव डाल रहे थे। उन्होंने दावा किया कि अरास्तु और उनका परिवार 20 लाख रुपये की मांग कर रहा था और शादी के बाद से ही आकृति को लगातार परेशान और धमकाया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि अरास्तु ने कई बार उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी और मौत से ठीक दो दिन पहले ही पति-पत्नी के बीच गंभीर बहस हुई थी। दोनों ने 8 साल के रिलेशनशिप के बाद 24 अप्रैल को शादी की थी। उनके पति बेरोज़गार हैं। पुलिस ने कहा कि वे मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं।




















