Pakistan News: रविवार को उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक शांति रैली के दौरान पुलिस स्टेशन के बाहर हुए आत्मघाती बम हमले में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 22 लोग से ज़्यादा लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों में 8 पुलिसकर्मी भी शामिल थे।
यह धमाका स्वात ज़िले के काबुल शहर में एक पुलिस स्टेशन के सामने तब हुआ जब आतंकवाद के खिलाफ शांति रैली चल रही थी। अभी तक किसी भी गुट या व्यक्ति ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है। स्वात रेस्क्यू एजेंसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि नौ शवों को सेंट्रल सैदू शरीफ़ अस्पताल ले जाया गया, जबकि काबुल अस्पताल के डॉक्टरों ने पांच और लोगों की मौत की पुष्टि की।
रैली में शामिल लोगों ने नारे लगाए और इलाके में शांति की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों में पुलिस की लापरवाही के कारण सुरक्षा हालात खराब हुए हैं।
स्वात ज़िला पुलिस अधिकारी के अनुसार, संदिग्ध आत्मघाती हमलावर ने काबुल पुलिस स्टेशन और पुलिस लाइंस कॉम्प्लेक्स में घुसने की कोशिश की, पुलिस वालों ने उसे रोककर तलाशी लेने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका। इससे पहले पुलिस हरकत में आती, युवक को खुद को ब्लास्ट कर दिया।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई। उन्होंने यह भी कहा कि अगर हमलावर काबुल पुलिस कॉम्प्लेक्स में घुस जाता, तो मरने वालों की संख्या और भी ज़्यादा हो सकती थी।
फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस हाई अलर्ट पर है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

















