बिजनेस डेस्कः एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के शेयरों में शुरुआती तेजी के बाद अब दबाव देखने को मिल रहा है। पिछले सप्ताह शेयर मार्केट में धमाकेदार एंट्री के बाद अब इस शेयर की तेजी पर ब्रेक लग गया है। कंपनी के शेयर लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ। एक सप्ताह के भीतर शेयर अपने हाई लेवल से 18 फीसदी तक गिर चुका है। दो दिनों में निवेशकों के 50 हजार करोड़ डॉलर (करीब 47 लाख करोड़ रुपए) स्वाहा हो गए।
17 जून को यह शेयर 5 फीसदी गिर गया था। 18 जून को इसमें करीब 3.50 फीसदी की गिरावट आई और यह 185 डॉलर पर बंद हुआ। 18 जून को यह शेयर 6 फीसदी से ज्यादा तक गिर गया था। 19 जून (शुक्रवार) को जूनटींथ अवकाश के कारण अमेरिकी शेयर बाजार बंद रहा।
मार्केट कैप में बड़ी गिरावट
16 जून को स्पेसएक्स का शेयर 225.64 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। इस दिन कंपनी का मार्केट कैप 2.94 ट्रिलियन डॉलर था। हालांकि, गुरुवार को जब अमेरिकी शेयर बाजार बंद हुआ तो स्पेसएक्स का मार्केट कैप 2.44 ट्रिलियन डॉलर था यानी इन दो दिनों में कंपनी के मार्केट कैप में 0.50 ट्रिलियन यानी 50 हजार करोड़ डॉलर (करीब 47 लाख करोड़ रुपए) की गिरावट आई।
शुरुआती उछाल के बाद बढ़ा दबाव
नैस्डैक पर लिस्टिंग के बाद शुरुआती दिनों में निवेशकों ने स्पेसएक्स के शेयरों में जोरदार खरीदारी की थी, जिससे कंपनी का मूल्यांकन 2 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया लेकिन बाद में निवेशकों ने कंपनी के ऊंचे वैल्यूएशन और भविष्य की विकास संभावनाओं का दोबारा आकलन करना शुरू किया।
विशेषज्ञों का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर बढ़ते खर्च और ऊंचे मूल्यांकन को लेकर चिंताओं ने निवेशकों को मुनाफावसूली के लिए प्रेरित किया है।















