Punjabi News

शिमला के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही मचा हड़कंप

123

Shimla News : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के कई निजी स्कूलों में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक अज्ञात ईमेल के जरिए स्कूल परिसरों में बम होने की धमकी दी गई। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने बिना किसी देरी के त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूलों को खाली करवा दिया और बच्चों को सुरक्षित उनके घर भेजा गया। हालांकि, पुलिस जांच में अभी तक किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।

जिला उपायुक्त अनुपम कश्यप ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि राजधानी में पिछले करीब दो वर्षों से समय-समय पर इस तरह के फर्जी और भ्रामक ईमेल प्राप्त होते रहे हैं। उन्होंने कहा, “यद्यपि ये ईमेल पहले भी फर्जी साबित हुए हैं, लेकिन बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी स्थिति में जोखिम नहीं लेना चाहतीं, इसलिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है।” घटना की गंभीरता को देखते हुए और एहतियात के तौर पर पूरे स्कूलों को खाली करवाकर बच्चों को सुरक्षित उनके घर भेज दिया गया है।