Punjabi News

‘पूरी दाल ही काली है’, राहुल गांधी ने E20 पेट्रोल पॉलिसी को लेकर सरकार पर बोला हमला

17

नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने E20 पेट्रोल पॉलिसी को लेकर सरकार पर बड़ा हमला बोला है. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक वीडियो पोस्ट करके E20 पेट्रोल पर कई सवाल उठाए हैं, जिसने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है.

राहुल गांधी ने ‘X’ पर लगभग 53 सेकंड का एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में राहुल एक कार का पेट्रोल टैंक खोलते हुए दिखे। उन्होंने ढक्कन उठाया, अंदर देखा और कहा कि आमतौर पर हम कहते हैं कि ‘दाल में कुछ काला है’, लेकिन यहाँ तो पूरी दाल ही काली है। राहुल गांधी ने कहा कि इस समय देश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। E20 फ्यूल का मामला भी उन्हीं में से एक है। इसकी वजह से लोगों की कारें और स्कूटर खराब हो रहे हैं और आम लोगों पर अतिरिक्त खर्च का बोझ बढ़ रहा है.

उन्होंने आगे कहा कि सरकार यह नहीं बता रही कि इस बदलाव से आम लोगों को क्या फायदा मिलेगा. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि यह फैसला लोगों की जेब पर सीधा असर डाल रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि देश में कई ऐसे मुद्दे हैं जिन पर सवाल उठाने की जरूरत है और E20 पेट्रोल का मामला भी उनमें से एक है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इस मुद्दे को आगे भी जोरदार तरीके से उठाएगी.

इस वीडियो में राहुल गांधी न सिर्फ सरकार की इस नीति पर तीखे सवाल खड़े कर रहे हैं, बल्कि वे एक कार का पेट्रोल टैंक खोलकर आम जनता को इसके दुष्प्रभावों के बारे में समझाते हुए भी नजर आ रहे हैं.