Punjabi News

हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए मान सरकार का बड़ा कदम: डॉ. बलजीत कौर

5
  • पहली से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए मुफ्त पाठ्य पुस्तकों हेतु 204.69 करोड़ रुपये जारी
  • “किताबों की कमी किसी बच्चे के सपनों को न रोके” — डॉ. बलजीत कौर

चंडीगढ़:पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता और अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार हाशिए पर रह रहे और जरूरतमंद वर्गों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है, ताकि कोई भी बच्चा केवल आर्थिक तंगी के कारण अपने सपनों से वंचित न रह जाए।

डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा अपने चार वर्षों के कार्यकाल के दौरान अनुसूचित जातियों से संबंधित पहली से दसवीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थियों के लिए मुफ्त पाठ्य पुस्तकों की आपूर्ति योजना के अंतर्गत 204.69 करोड़ रुपये की अदायगी पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड को की गई है। उन्होंने कहा कि यह राशि हजारों परिवारों के बच्चों की शिक्षा को मजबूत आधार प्रदान करने में सहायक साबित हो रही है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शिक्षा ही वह सबसे बड़ी ताकत है, जो किसी भी बच्चे की किस्मत बदल सकती है। सरकार का मानना है कि शिक्षा के क्षेत्र में उठाया गया हर मजबूत कदम समाज के भविष्य को रोशन बनाता है। इसी सोच के साथ मान सरकार ऐसी जनहितैषी योजनाओं को लगातार आगे बढ़ा रही है, ताकि समाज के हर वर्ग के बच्चों को बराबर अवसर मिल सकें और वे अपने सपनों को साकार कर सकें।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उठाए जा रहे ये कदम केवल सुविधाएं उपलब्ध करवाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राज्य में सामाजिक समानता, शिक्षा और खुशहाली को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल हैं। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि जब समाज का हर बच्चा शिक्षा से जुड़ेगा, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेगा और अपने सपने साकार करेगा, तभी “रंगला पंजाब” का सपना वास्तविक अर्थों में साकार होगा।

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार आने वाले समय में भी सामाजिक न्याय और शिक्षा के क्षेत्र में जनहितैषी पहलों को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाती रहेगी।
___