आज, 15 नवंबर को पंजाब के चार जिलों के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, आज सुबह जालंधर में हुई हल्की बूंदाबांदी से मौसम में ठंडक आ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में बारिश हो सकती है। चंडीगढ़ में आसमान के आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं।
पाकिस्तान के ऊपर एक नया ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम में बदलाव आ सकता है। नतीजतन, कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पिछला ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ इस क्षेत्र से आगे बढ़कर उत्तर-पूर्व की ओर चला गया है।
पंजाब में रात के तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद, न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री ऊपर बना हुआ है। राज्य में सबसे कम तापमान 12.8 डिग्री, पठानकोट में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, 16 नवंबर से पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। वहीं, 15 नवंबर से ही रात और सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम धुंध (कोहरा) छा सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद, तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जिससे आने वाले दिनों में रात और सुबह के समय ठंड बढ़ जाएगी।






















