Punjabi News

पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाकर भाजपा ने देश की जनता को फिर दिया महंगाई का तोहफा: बलतेज पन्नू

7

*10 दिनों में 7.50 रुपये बढ़ीं पेट्रोल-डीजल की कीमतें, भाजपा की नीतियां किसान और व्यापार विरोधी: पन्नू*

*पन्नू ने सुनील जाखड़ पर साधा निशाना, पूछा— वे बताएं कि नगर निगम चुनावों में अब उनके पास और कौन सी उपलब्धि है, जिसे लेकर वे पंजाब के लोगों के बीच जा रहे हैं*

*भाजपा द्वारा किसानों पर धान की बुआई के सीजन से ठीक पहले पेट्रोल-डीजल का बोझ डालना तीन काले कृषि कानूनों जैसा: पन्नू*

चंडीगढ़:आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रदेश मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। पन्नू ने कहा कि भाजपा ने देश के लोगों को आज फिर महंगाई का एक बेरहम तोहफा दे दिया है। केंद्र सरकार ने एक बार फिर डीजल की कीमतों में 2.71 रुपये और पेट्रोल में 2.61 रुपये प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी कर दी है।

उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि पिछले महज 10 दिनों के अंदर ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 7.50 रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की जा चुकी है। भाजपा की ये जन-विरोधी नीतियां न सिर्फ किसानों के लिए घातक हैं, बल्कि व्यापार जगत की भी कमर तोड़ रही हैं। आज देश का हर आम आदमी इस कमरतोड़ महंगाई के बोझ तले दबा हुआ है।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ पर निशाना साधते हुए बलतेज पन्नू ने सवाल किया कि जाखड़ साहब आखिर किस मुंह से नगर निगम चुनावों में भाजपा के लिए वोट मांग रहे हैं? जाखड़ साहब को पंजाब और देश की जनता को जवाब देना चाहिए कि बीते कुछ दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम 7.50 रुपये बढ़ाने के बाद उनके पास ऐसी कौन सी उपलब्धि है, जिसे लेकर वे पंजाब के लोगों के बीच जा रहे हैं। पंजाब की जनता इस धोखे को अच्छी तरह समझती है और वह इस लूट के खिलाफ चुनावों में भाजपा को उसकी सही जगह दिखाएगी।

‘आप’ नेता ने आगे कहा कि पंजाब सीधे तौर पर किसानी से जुड़ा हुआ प्रदेश है और प्रदेश में जल्द ही धान का सीजन शुरू होने वाला है। इस अहम समय से ठीक पहले किसानों पर डीजल और पेट्रोल का यह भारी-भरकम बोझ डालना केंद्र सरकार की सोची-समझी साजिश है। भाजपा की यह हरकत बिल्कुल उसी तरह की तानाशाही है, जिस तरह केंद्र सरकार पहले तीन काले कृषि कानून लेकर आई थी। किसानों को आर्थिक रूप से बर्बाद करने की भाजपा की इस बेरहम मानसिकता को पंजाब के लोग कभी बर्दाशत नहीं करेंगे और इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे।