Punjabi News

पाकिस्तानी छात्र ने AI से पूछा बम बनाने का तरीका, कॉफी पीते हुए कॉलेज उड़ाने की थी साजिश

15

Islamabad: पाकिस्तान में एक 17 वर्षीय छात्र को अपने ही कॉलेज में बम धमाके की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि छात्र ने विस्फोटक तैयार करने की जानकारी हासिल करने के लिए एंथ्रोपिक के एआई चैटबॉट ‘क्लॉड’ का सहारा लिया था। वह एक सरकारी शिक्षण संस्थान को निशाना बनाने की योजना बना रहा था। इस मामले ने एआई तकनीक के आपराधिक इस्तेमाल को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है। नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) के लाहौर कार्यालय के अतिरिक्त निदेशक आतिफ अमीर के मुताबिक, एजेंसी को अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई और क्लॉड एआई की ओर से किशोर की चैटबॉट के साथ हुई बातचीत की जानकारी मिली थी।इन बातचीत से पता चला कि स्थानीय कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र बम बनाने और एक सरकारी शिक्षण संस्थान पर हमला करने के तरीके तलाश रहा था।

 

कॉफी पीते हुए कॉलेज उड़ाने की बात कही
जांच अधिकारी आतिफ अमीर ने दावा किया कि किशोर ने बड़ी इमारत को नुकसान पहुंचाने वाला बम बनाने के लिए कई रासायनिक पदार्थों के इस्तेमाल के बारे में सवाल किए थे। उसने कथित तौर पर एक कप कॉफी पीते हुए हमले को अंजाम देने की इच्छा भी जाहिर की थी। सोमवार को एनसीसीआईए की टीम ने लाहौर के बेदिया रोड इलाके में स्थित उसके घर पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान जांचकर्ताओं ने वह लैपटॉप जब्त कर लिया, जिसका इस्तेमाल छात्र क्लॉड एआई के साथ बातचीत करने के लिए करता था। अधिकारियों के अनुसार, लैपटॉप में चैटबॉट के साथ हुई बातचीत का रिकॉर्ड मौजूद था। हालांकि, घर की तलाशी के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री या हथियार बरामद नहीं हुआ। एजेंसी ने पाकिस्तान के इलेक्ट्रॉनिक अपराध रोकथाम अधिनियम 2016 और पाकिस्तान दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

 

छात्र की मानसिक स्थिति और निजी रंजिश की जांच
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि छात्र ने हमले की कथित योजना क्यों बनाई थी। उसकी मानसिक स्थिति को समझने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच भी की जा रही है। जांचकर्ताओं को यह पता लगाना है कि क्या छात्र की संबंधित शिक्षण संस्थान से कोई निजी दुश्मनी थी या फिर हमले की योजना केवल ऑनलाइन बातचीत तक ही सीमित थी। फिलहाल वास्तविक हमले की तैयारी या विस्फोटक जुटाने के प्रमाण सामने नहीं आए हैं। NCCIA के अधिकारी ने स्पष्ट किया कि Chatgpt, डीपसीक और क्लॉड जैसे एआई मंचों पर साझा की जाने वाली धमकी भरी या हिंसक सामग्री की जानकारी कानून प्रवर्तन एजेंसियों को दी जा सकती है। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि एआई तकनीक का इस्तेमाल आपराधिक योजनाएं बनाने में किस तरह किया जा सकता है और ऐसी गतिविधियों को समय रहते रोकने के लिए तकनीकी कंपनियों तथा सुरक्षा एजेंसियों के बीच सहयोग कितना जरूरी है।