नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को बताया कि उत्तर पश्चिम दिल्ली के सिरसपुर में 1164 बिस्तरों वाले अस्पताल और हस्तसाल में 651 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि सिरसपुर अस्पताल के अगले वर्ष जनवरी के अंत तक खुलने की उम्मीद है जबकि हस्तसाल का अस्पताल भी वर्ष 2027 में शुरू हो जाएगा। गुप्ता ने यह भी कहा कि अगले महीने 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी की 102 वीं जयंती के मौके पर राष्ट्रीय राजधानी में 40 और आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने एक बयान में बताया कि गुप्ता ने सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पतालों और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी सभी परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि सिरसपुर में 1,164 बिस्तर का अस्पताल तैयार हो चुका है और अस्पताल के लिए चिकित्सा उपकरणों की खरीद प्रक्रिया चल रही है, जिसे जनवरी के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है। उन्होंने यह भी कहा कि हस्तसाल में 651 बिस्तर के अस्पताल का निर्माण भी लगभग पूरा होने को है और इसे भी अगले वर्ष शुरू कर दिया जाएगा।
गुप्ता ने कहा कि दोनों अस्पतालों के शुरू होने से आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ेगी और मौजूदा अस्पतालों पर रोगियों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार मादीपुर और ज्वालापुरी में भी 691-691 बेड के अस्पताल विकसित कर रही है और दोनों परियोजनाओं को पूरा करने की अवधि 2028 तक निर्धारित है। बयान के मुताबिक, मादीपुर अस्पताल 466.50 करोड़ रुपये और ज्वालापुरी अस्पताल 484.04 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे हैं। इसमें कहा गया है, “इसके अलावा मौजूदा अस्पतालों में भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। रोहिणी स्थित बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में 463 बिस्तर का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक विकसित किया जा रहा है। ”
बयान के मुताबिक, राव तुला राम मेमोरियल अस्पताल में 270 बिस्तर का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, खिचड़ीपुर में 460 बिस्तर का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक लगभग पूरा हो चुका है। इन्हें जल्द शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। इसमें कहा गया है कि लोकनायक अस्पताल और मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज परिसर के एकीकृत पुनर्विकास की योजना पर भी काम चल रहा है जिसके लिए लगभग 30 माह की अवधि निर्धारित की गई है। बयान के मुताबिक, यमुनापार के गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल, राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान और मानव व्यवहार एवं संबद्ध विज्ञान संस्थान (आईएचबीएएस) को एक साझा संस्थागत ढांचे के अंतर्गत लाने का कार्य जारी है। इस व्यवस्था से विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं और संस्थानों की कार्यक्षमता को मजबूत करने का लक्ष्य है।



















