Punjabi News

पंचकूला के सिविल अस्पताल में वित्तीय घोटाले का खुलासा, डाटा एंट्री ऑपरेटर और पत्नी पर केस दर्ज; 2019 से चल रहा था सरकारी धन की हेराफेरी का खेल

16

पंचकूला (उमंग) : पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में सरकारी धन के कथित गबन का मामला सामने आया है। अस्पताल में तैनात डाटा एंट्री ऑपरेटर राजेश मल्होत्रा और उसकी पत्नी सीमा मल्होत्रा के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी और गबन समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले में सिविल अस्पताल की डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. काजल की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2019 से रिटायर्ड कर्मचारियों के वेतन और आकस्मिक खर्चों (कंटीजेंसी बिल) से संबंधित सरकारी राशि में कथित तौर पर गड़बड़ी और हेराफेरी की गई।

आरोप डाटा एंट्री ऑपरेटर राजेश मल्होत्रा (HKRN ID-1), पुत्र रामपाल मल्होत्रा और उसकी पत्नी सीमा मल्होत्रा पर लगाए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में थाना सेक्टर-7 पंचकूला में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(2), 319, 336(3) और 340 के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान सरकारी राशि से जुड़े लेन-देन और कथित वित्तीय अनियमितताओं की विस्तृत पड़ताल की जाएगी।