Punjabi News

पाकिस्तान ने अफ़गानिस्तान पर किए घातक हवाई हमले, बच्चों समेत 9 लोगों की मौत

9

पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान में हवाई हमले किए हैं, जिनमें नौ आम नागरिक मारे गए और 11 अन्य घायल हो गए। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने इसकी जानकारी दी है।

अफ़ग़ान तालिबान के मुख्य प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि ये हमले पाकिस्तान की सीमा से लगे कुनार और हेलमंद प्रांतों में घरों पर किए गए। उन्होंने X पर एक पोस्ट में कहा कि मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, “हम इस हरकत की निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने गलत किया है। यह अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है और इसे जायज नहीं ठहराया जा सकता। यह सभी स्वीकृत सिद्धांतों का उल्लंघन करते हुए किया गया हमला और अपराध है।”

रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी हमलों में दोनों प्रांतों में 3 घर तबाह हुए हैं।

वहीं पाकिस्तान का दावा बिल्कुल अलग था; उसका कहना था कि यह “सोची-समझी और सुनियोजित” कार्रवाई अफ़गानिस्तान में मौजूद “आतंकवादी कैंपों” को निशाना बनाकर की गई थी, जहाँ भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जमा थे।

पाकिस्तान का दावा है कि गुरुवार को उसने दो जगहों पर आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया। इसमें कम से कम 22 लड़ाके मारे गए।

पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी सावधानी बरती गई कि कोई अतिरिक्त नुकसान न हो।

पिछले हफ़्ते, पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान में हवाई हमले किए, जिनमें कंधार (जो तालिबान की सत्ता का गढ़ है) और अन्य प्रांतों को निशाना बनाया गया। अफ़ग़ान तालिबान सरकार के अनुसार, इस हमले में चार आम नागरिक मारे गए।

पाकिस्तान का अफगानिस्तान पर यह 11वां हमला था। रिपोर्ट्स के मुताबिक इन हमलों में अब तक करीब 800 लोगों की मौत हो चुकी है।