Punjabi News

MCX पर चांदी 2 लाख के पार, सोने की चमक भी बढ़ी

147

बिजनेस डेस्कः सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन सोने-चांदी की कीमती में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी ने पहली बार ₹2 लाख का स्तर पार कर लिया, जबकि सोने में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली है। खबर लिखे जाने के समय सोने का भाव 1,33,918 रुपए पर था जबकि चांदी 2,00,040 रुपए पर थी।
सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमत
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को चांदी की कीमत 2,400 रुपए बढ़कर 1,94,400 रुपए प्रति किलोग्राम के नई ऊंचाई पर पहुंच गईं। वहीं स्थानीय सर्राफा बाजार में, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 90 रुपए बढ़कर 2,10,000 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। रुपए में कमजोर रुख और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर में कटौती के बीच मजबूत वैश्विक संकेतों के साथ चांदी में तेजी आई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, बुधवार को चांदी 11,500 रुपए बढ़कर 1,92,000 रुपए प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर रही थी। इस वर्ष की शुरुआत से, चांदी 1,04,700 रुपए यानी 116.72 प्रतिशत चढ़ी है। 31 दिसंबर, 2024 को यह 89,700 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक, दिलीप परमार ने कहा, ‘‘मजबूत हाजिर और निवेश मांग की वजह से बृहस्पतिवार को चांदी की कीमत एक और रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गईं।” उन्होंने कहा, ‘‘घरेलू कीमतों में तेजी का कारण बाजार में कम आपूर्ति, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी में रिकॉर्ड तेजी और भारतीय रुपए का कमजोर होना है। परमार ने कहा कि वैश्विक आपूर्ति की कमी, चीन से लगातार ज्यादा मांग और औद्योगिक खपत में बढ़ोतरी की वजह से इस साल लाभ के मामले में चांदी ने सोने से बेहतर प्रदर्शन किया। परमार ने कहा, ‘‘घरेलू बाजार में, हाजिर चांदी की कीमत में अच्छी तेजी दिख रही है और आने वाले दिनों में इसके 2,10,000 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंचने की उम्मीद है।”