Sirmaur News : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक दिल-दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पर लिफ्ट में फंसने से एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के पांवटा साहिब औद्योगिक क्षेत्र क्यारदा-सूरजपुर स्थित पेस बायोटेक कंपनी में सोमवार शाम को हुआ। मृतक युवक की पहचान अमन (19 वर्षीय), पुत्र सुल्तान सिंह, निवासी गांव क्यारदा (पांवटा साहिब) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमन कंपनी में कार्यरत था और सोमवार शाम को अपनी शिफ्ट के दौरान माल की लोडिंग से जुड़े काम में लगा हुआ था। इसी बीच, कंपनी परिसर में स्थित लिफ्ट के पास काम करते समय वह अचानक उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद अमन को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, लेकिन जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने किया हंगामा
वहीं, इस हृदयविदारक घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में जोरदार प्रदर्शन किया। हंगामे की सूचना मिलते ही पेस बायोटेक कंपनी के मानव संसाधन अधिकारी और प्रशासनिक अमला तुरंत अस्पताल पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों से बात की और घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव आर्थिक व अन्य सहायता देने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद माहौल कुछ हद तक शांत हुआ।
परिवार में मचा कोहराम
उधर, पांवटा साहिब पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। वहीं, युवा सदस्य की अचानक मृत्यु से परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि मृतक युवक के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में उसके दो छोटे भाई हैं।











