Punjabi News

महाराजा रणजीत सिंह प्रेपरेटरी इंस्टीट्यूट द्वारा होनहार कैडिटों को ‘अचीवर्स अवार्ड’ से सम्मानित किया गया

6

* एयर मार्शल टी.एस. रंधावा ने समारोह की अध्यक्षता की, संस्थान ने सशस्त्र सेनाओं में अधिकतम कैडिटों को शामिल कराने की अपनी विरासत को बरकरार रखा

चंडीगढ़/एस.ए.एस. नगर:महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रेपरेटरी इंस्टीट्यूट (एम.आर.एस.ए.एफ.पी.आई) द्वारा आज अपने कैडिटों की उपलब्धियों का जश्न मनाते हुए हाल ही में रक्षा बलों में कमीशन प्राप्त करने वाले होनहार कैडिटों और नेशनल डिफेंस अकादमी (एन.डी.ए.) से स्नातक हुए कैडिटों को प्रतिष्ठित “अचीवर्स अवार्ड” से सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि मई और जून 2026 में नौ कैडिटों ने भारतीय सशस्त्र सेनाओं में कमीशन प्राप्त किया, जबकि पाँच कैडिटों ने हाल ही में एन.डी.ए. से स्नातक की उपाधि प्राप्त की है।

सेक्टर 77 स्थित संस्थान के परिसर में आयोजित इस अवार्ड समारोह की अध्यक्षता एन.डी.ए. के पूर्व कमांडेंट और एम.आर.एस.ए.एफ.पी.आई. की गवर्निंग बॉडी के प्रथम सदस्यों में शामिल एयर मार्शल टी.एस. रंधावा, पी.वी.एस.एम., वी.एम. (सेवानिवृत्त) ने की। इस अवसर पर इस संस्थान से जुड़े बड़ी संख्या में लोग भी उपस्थित थे।

सभा को संबोधित करते हुए, एयर मार्शल रंधावा ने कैडिटों को बधाई देते हुए कहा कि एम.आर.एस.ए.एफ.पी.आई. में उनके प्रशिक्षण ने उनके सेवा करियर के लिए एक मजबूत लॉन्च पैड का काम किया है। उन्होंने एन.डी.ए. स्नातकों की प्रशंसा की और उनकी सर्विस अकादमियों में प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने संस्थान के इन परिणामों का श्रेय ए.एफ.पी.आई. फैकल्टी को दिया।

संस्थान की उपलब्धियों का हवाला देते हुए एम.आर.एस.ए.एफ.पी.आई. के निदेशक, मेजर जनरल अजय एच. चौहान, वीएसएम (सेवानिवृत्त) ने बताया कि संस्थान के 324 कैडिट अब तक एनडीए और अन्य अकादमियों के लिए चुने गए हैं, जिनमें से 196 अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त कर चुके हैं। इसी प्रकार 24 अन्य कैडिट एनडीए और अन्य प्रशिक्षण अकादमियों के लिए अपने नियुक्ति पत्रों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि संस्थान सशस्त्र सेनाओं के लिए एक प्राथमिक फीडर संस्थान के रूप में उभरा है।

संस्थान द्वारा दो वर्षों का रेजिडेंशियल कार्यक्रम चलाया जाता है, जिसके तहत चुने गए कैडिट एक मान्यता प्राप्त स्कूल के माध्यम से अपनी 12वीं कक्षा पूरी करते हैं और साथ ही शारीरिक तंदुरुस्ती, नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास और एनडीए प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए भी प्रशिक्षण लेते हैं। हर साल लगभग 4,000 छात्र संस्थान में प्रवेश के लिए आवेदन करते हैं, जिनमें से मात्र 48 को ही प्रवेश लेने में सफलता मिलती है।

अचीवर अवार्ड समारोह के तहत न केवल होनहार कैडिटों को सम्मानित किया गया, बल्कि भविष्य के अधिकारियों को उत्कृष्टता के लिए प्रयास करने और संस्थान की विरासत को बरकरार रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।