Punjabi News

अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस: पंजाब पुलिस ने स्टूडेंट पुलिस कैडेट योजना के माध्यम से युवाओं में सकारात्मक विकास और नेतृत्व को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई

7

— स्पेशल डीजीपी गुरप्रीत कौर दियो ने पंजाब कला भवन में आयोजित समारोह के दौरान युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए किया प्रेरित

— एनएसएस और स्टूडेंट पुलिस कैडेट योजना के 400 से अधिक विद्यार्थियों ने इस पहल में लिया हिस्सा

— समारोह में कला प्रतियोगिता, संगीतमय योग प्रदर्शन और स्वच्छ भारत पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया

चंडीगढ़ : अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर पंजाब पुलिस के कम्युनिटी अफेयर्स डिवीजन द्वारा हारटेक फाउंडेशन और राजीव गांधी राष्ट्रीय युवा विकास संस्थान (आरजीएनआईवाईडी), क्षेत्रीय केंद्र, चंडीगढ़ के सहयोग से पंजाब कला भवन में एक मेगा युवा सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम में पंजाब पुलिस की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और स्टूडेंट पुलिस कैडेट (एसपीसी) योजना के 400 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।

स्पेशल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (स्पेशल डीजीपी), कम्युनिटी अफेयर्स डिवीजन, गुरप्रीत कौर दियो ने इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि दो बार की ओलंपियन, राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता और अर्जुन पुरस्कार विजेता अंजुम मोदगिल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। आरजीएनआईवाईडी के निदेशक सुब्रता हाजरा और हारटेक फाउंडेशन की सीईओ हरकीरत कौर भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं।

सभा को संबोधित करते हुए स्पेशल डीजीपी गुरप्रीत कौर दियो ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला और स्टूडेंट पुलिस कैडेट योजना जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं में सकारात्मक विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के लिए पंजाब पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई।

स्पेशल डीजीपी ने युवा विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ने तथा सामाजिक कल्याण और राष्ट्रीय विकास में सक्रिय रूप से योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान कार्यक्रम की शुरुआत एक कला प्रतियोगिता से हुई, जिसके बाद स्टूडेंट पुलिस कैडेट्स द्वारा एक मनमोहक समूह संगीतमय योग प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक और सामाजिक संदेश देते हुए पंजाब विश्वविद्यालय के थिएटर विभाग के विद्यार्थियों ने ‘स्वच्छ भारत’ विषय पर केंद्रित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।