Chamba News : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां पर एक व्यक्ति की डैम में गिरने से मौत हो गई। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
धाम खाकर लौट रहे थे घर
जानकारी के मुताबिक, घटना बग्गा डैम की बताई जा रही है। मृतक की पहचान लबलू (पुत्र मोती राम), निवासी गांव ऊपरी बकानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मुंडन संस्कार की धाम खाकर देर शाम घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका पैर फिसल गया और वे बग्गा डैम में जा गिरे। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के सदस्यों ने आधी रात तक उनकी काफी तलाश की, लेकिन अंधेरे के कारण उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया।
पानी में तैरता मिला शव
वहीं, अगली सुबह जब स्थानीय ग्रामीण बग्गा डैम के पास से गुजर रहे थे, तो उन्हें पानी में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस और परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिवार के सदस्यों ने शव की पहचान लबलू के रूप में की। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच में जुट गई है। एसपी विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि व्यक्ति की मौत डैम में गिरने के कारण हुई है। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
















