Punjabi News

सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास तथा लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए सरकार के द्वारा लगातार काम जारी : लाल चंद कटारूचक्क

6

– कैबिनेट मंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए ताश और माखनपुर का किया विशेष दौरा

– ताश-माखनपुर-कोहलिया मुख्य मार्ग की चौड़ाई 10 से बढ़ाकर 18 फुट की जा रही है: लाल चंद कटारूचक्क

– सड़क का निर्माण मानक सामग्री के साथ निर्धारित समय के अंदर पूरा करने के निर्देश

चंडीगढ़/पठानकोट: भारत-पाकिस्तान सीमा से लगे क्षेत्रों में चल रहे विशेष विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए कैबिनेट मंत्री पंजाब श्री लाल चंद कटारूचक्क द्वारा आज माखनपुर और ताश क्षेत्र का विशेष दौरा किया गया। इस दौरान उन्होंने ताश से माखनपुर और माखनपुर से कोहलिया अड्डे तक बनाए जा रहे मुख्य मार्ग के चल रहे निर्माण कार्यों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों तथा संबंधित ठेकेदार से काम की प्रगति संबंधी जानकारी हासिल की।

इस मौके पर जानकारी देते हुए श्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में विधानसभा हलका भोआ में सड़कों के निर्माण और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के कार्य युद्ध स्तर पर चल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ताश से माखनपुर और माखनपुर से कोहलिया अड्डे तक बनाए जा रहे मुख्य मार्ग की चौड़ाई पहले करीब 10 फुट थी, जिसे अब बढ़ाकर 18 फुट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के चौड़ा होने से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ किसानों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सड़क की कम चौड़ाई के कारण पहले किसानों को अपनी फसल, खासकर गन्ना और अन्य कृषि उत्पाद, मंडियों तक ले जाने समय कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। सड़क की चौड़ाई बढ़ने से आवाजाही सुगम होगी और किसानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी।

उन्होंने निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार को हिदायत दी कि सड़क का काम निर्धारित समय के अंदर पूरा किया जाए और निर्माण के दौरान गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का इस्तेमाल सुनिश्चित बनाया जाए ताकि लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।

श्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि सड़क का निर्माण कार्य जल्द पूरा करके इसे लोगों की आवाजाही के लिए समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए सरकार द्वारा लगातार काम किया जा रहा है।

इस मौके पर सरपंच माखनपुर मंगा, सरपंच डेरा बस्ती माखनपुर गुरमेज सिंह, सूबेदार सोहन माखनपुर, अमरीक सिंह, लवली मंजीरी के अलावा स्थानीय निवासी भी हाजिर थे।