चंडीगढ़ : प्रदेश सरकार ने अतिथि अध्यापकों के मानदेय में बढ़ौतरी की है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से बढ़ाए गए मानदेय की अधिसूचना जारी कर दी गई है। बढ़े हुए मानदेय पहली जुलाई से प्रभावी माना जाएगा। अब जे.बी.टी.अतिथि अध्यापकों का कुल मानदेय बढ़कर 36,700 रुपए प्रतिमाह हो जाएगा, जबकि पी.जी.टी. गैस्ट टीचर्स को अब 49,400 रुपए प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इससे पहले जे.बी.टी. शिक्षकों को 35,920 रुपए और पी.जी.टी. शिक्षकों को 48,320 रुपए दिए जा रहे थे।
शिक्षा विभाग ने यह बढ़ौतरी बेस रेट पर 3 प्रतिशत वृद्धि के आधार पर लागू की है। आदेशों के अनुसार जे.बी.टी. के 26 हजार रुपए के बेस रेट पर 3 प्रतिशत के हिसाब से 780 रुपए की बढ़ौतरी की गई है जबकि पी.जी.टी. के 36 हजार रुपए के बेस रेट पर 1080 रुपए की वृद्धि की गई है। विभागीय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अतिथि अध्यापकों का वेतन संशोधित दरों के अनुसार जारी किया जाए। शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार 1 जनवरी 2025 से पहले चरण में 2 प्रतिशत वृद्धि लागू की गई थी। उस समय जे.बी.टी. शिक्षकों के मानदेय में 520 रुपए तथा पी.जी.टी. शिक्षकों के मानदेय में 720 रुपए की बढ़ौतरी की गई थी। अब 1 जुलाई 2025 से इसे बढ़ाकर 3 प्रतिशत कर दिया गया है। प्रदेश में लंबे समय से गैस्ट टीचर्स महंगाई और बढ़ती आर्थिक जरूरतों को देखते हुए मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे थे।
















