— पुलिस टीमों ने 108 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की, 84 को पूछताछ के बाद रिहा किया
— लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गुप्त रूप से सूचना दे सकते हैं
— ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 400वें दिन 120 नशा तस्कर 1.6 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार
चंडीगढ़:मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत शुरू की गई निर्णायक मुहिम ‘गैंगस्टरों ते वार’ के 75वें दिन पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित 527 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरों ते वार’ पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही एक व्यापक मुहिम है, जिसकी शुरुआत पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा 20 जनवरी 2026 को की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय में सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्यभर में विशेष अभियान चला रही हैं।
75वें दिन पुलिस टीमों ने 9 हथियार बरामद करते हुए 241 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही इस मुहिम के तहत अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 19,115 तक पहुंच गई है।
इसके अलावा 108 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 84 व्यक्तियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया।
जनता से अपील की गई है कि वे एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गुप्त रूप से गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों के बारे में जानकारी साझा करें।
इसी दौरान पुलिस ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 400वें दिन भी कार्रवाई जारी रखते हुए 120 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 1.6 किलोग्राम हेरोइन, 164 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 8,890 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
इसके साथ ही पिछले 400 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 57,169 हो गई है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 27 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित किया।









