
गुरदासपुर: पंजाब के गुरदासपुर जिला परिषद (जिला परिषद) के चेयरपर्सन चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। अंग्रेजी अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की करीबी मानी जाने वाली अमनदीप कौर को गुरदासपुर जिला परिषद का चेयरपर्सन चुना गया है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमनदीप कौर ने यह चुनाव जग्गू भगवानपुरिया की मौसी एवं डेरा बाबा नानक ब्लॉक समिति की चेयरपर्सन राजविंदर कौर के कहने पर लड़ा था। बताया गया है कि अमनदीप का चयन सर्वसम्मति से हुआ, क्योंकि उनके खिलाफ किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों का मानना है कि अब जिला परिषद के कामकाज पर राजविंदर कौर का प्रभाव बढ़ सकता है। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि भगवानपुरिया परिवार का राजनीतिक प्रभाव डेरा बाबा नानक क्षेत्र से बढ़कर पूरे गुरदासपुर जिले तक पहुंच रहा है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने चुनाव बैलेट पेपर से कराने और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी के निर्देश दिए थे। हालांकि, निर्विरोध चुनाव होने के कारण मतदान की नौबत नहीं आई। बताया गया है कि चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के जिला परिषद सदस्यों और पार्टी के विधायकों शैरी कलसी, गुरदीप सिंह रंधावा और अमरपाल सिंह ने भी अमनदीप कौर की उम्मीदवारी का समर्थन किया।















