— गिरफ्तार मुलजिमों को किसी सुरक्षा संस्थान या सार्वजनिक स्थान पर हमला करने का काम सौंपा गया था: डी.जी.पी. गौरव यादव
— मामले के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए जांच जारी
चंडीगढ़/जालंधर:मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सीमा पार से चल रहे आतंकी नेटवर्कों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एस.एस.ओ.सी.) अमृतसर और काउंटर इंटेलिजेंस (सी.आई.) जालंधर ने केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान के तहत विदेश बैठे हैंडलरों द्वारा चलाए जा रहे आई.एस.आई. की शह प्राप्त खालिस्तान कमांडो फोर्स (के.सी.एफ.) के आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए शहीद भगत सिंह (एस.बी.एस.) नगर से दो मुख्य गुर्गों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी.) पंजाब गौरव यादव ने दी।
पुलिस टीमों ने मुलजिमों के कब्जे से चार 86-पी हैंड ग्रेनेड, दो मैगजीनों सहित दो 9 एम.एम. पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जिससे राज्य में संभावित आतंकी हमला टल गया है।
गिरफ्तार किए गए मुलजिमों की पहचान दिनेश कुमार उर्फ सौरव और मैरी महाजन के रूप में हुई है, जो दोनों एस.बी.एस. नगर के गांव भारो मजारा के रहने वाले हैं।
डी.जी.पी. गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार मुलजिमों ने अपने विदेश बैठे हैंडलरों के निर्देशों पर एस.बी.एस. नगर के बहराम नजदीकी इलाके से हैंड ग्रेनेड और हथियारों की यह खेप प्राप्त की थी।
उन्होंने बताया कि इन गुर्गों को राज्य की अमन-शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को भंग करने के मकसद से क्षेत्र में किसी सुरक्षा संस्थान या सार्वजनिक स्थान पर हमला करने का काम सौंपा गया था, लेकिन पुलिस की समय पर और समन्वित कार्रवाई की बदौलत इस योजनाबद्ध हमले को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया गया, जिससे कई बेगुनाहों की जान बच गई।
ऑपरेशन संबंधी विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि पुख्ता खुफिया जानकारी पर तेजी से कार्रवाई करते हुए संयुक्त पुलिस टीमों ने एस.बी.एस. नगर के गांव चक माई दास गेट नजदीक बहराम-फगवाड़ा रोड से दोनों मुख्य गुर्गों को घेरकर काबू कर लिया।
इस संबंध में थाना एस.एस.ओ.सी. अमृतसर में भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.), शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।













